Breaking News

भीषण गर्मी और लू को लेकर प्रशासन अलर्ट, जनसामान्य, किसानों व पशुपालकों के लिए जारी की गई एडवाइजरी

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर नगर। अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि मौसम केन्द्र, लखनऊ से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार आगामी दिनों में जनपद कानपुर नगर में उष्ण लहर से भीषण उष्ण लहर (लू) चलने की संभावना व्यक्त की गई है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण जनपद में लू का प्रकोप बढ़ने की आशंका है, जिससे जनस्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। विशेष रूप से मजदूरों, किसानों तथा धूप में लंबे समय तक कार्य करने वाले लोगों में निर्जलीकरण एवं लू लगने का खतरा अधिक रहेगा।

जनहानि की संभावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा जनसामान्य, कृषकों एवं पशुपालकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की गई है। लोगों से कहा गया है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। बाहर निकलते समय हल्के रंग के ढीले एवं सूती कपड़े पहनें तथा सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और यात्रा के दौरान अपने साथ पानी अवश्य रखें।

शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए ओआरएस घोल, नारियल पानी, लस्सी, नींबू पानी, छाछ एवं आम का पन्ना जैसे घरेलू पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है। साथ ही रेडियो, टीवी एवं समाचार पत्रों के माध्यम से मौसम और तापमान की नियमित जानकारी लेते रहने को कहा गया है। कमजोरी, चक्कर आने अथवा अस्वस्थ महसूस होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने लोगों से अपने घरों को ठंडा रखने के लिए पर्दे, शटर आदि का उपयोग करने तथा रात के समय खिड़कियां खुली रखने की अपील की है। घर की छतों पर चूना या सफेद रंग करवाने तथा निचली मंजिलों पर रहने का प्रयास करने की भी सलाह दी गई है।

एडवाइजरी में बच्चों एवं पालतू जानवरों को बंद वाहन में अकेला छोड़ने से बचने की चेतावनी दी गई है, क्योंकि वाहन अत्यधिक गर्म होकर खतरनाक तापमान पैदा कर सकते हैं। दोपहर के समय अत्यधिक श्रम वाले कार्य न करने, बासी भोजन से परहेज करने तथा शराब, चाय, कॉफी एवं कार्बोनेटेड पेय पदार्थों के सेवन से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी बढ़ाते हैं।

इसके अतिरिक्त लोगों से अपील की गई है कि दिन के सबसे गर्म समय में खाना पकाने से बचें तथा रसोईघर को हवादार बनाए रखने के लिए खिड़की और दरवाजे खुले रखें, ताकि गर्मी के प्रभाव को कम किया जा सके।

Read More »

कार्यकारी अध्यक्ष बने पंडित जितेन्द्र वाल्मीकि

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर। जब से माध्यमिक शिक्षणेत्तर कर्मचारी एसोसिएशान उत्तर प्रदेश कानपुर से कार्यकारी अध्यक्ष पंडित जितेन्द्र वाल्मीकि को बनाया गया है तब से वाल्मीकि समाज में एक खुशी कि लहर चल रही है ऐसा पहली बार हुआ है की माध्यमिक शिक्षा विभाग में किसी वाल्मीकि समुदाय के व्यक्ति को जिलाध्यक्ष बनाया गया आज से पहले कभी भी किसी संगठन ने वाल्मीकि समुदाय को इतनी बड़ी जिम्मेदारी नही सौंपी संघ ने पंडित जी को कानपुर जिला संगठन मंत्री बनाया था इनका कार्य इतना जबरदस्त रहा की संगठन मंत्री के साथ सह मिडिया प्रभारी का भी भार संघ ने दे दिया था दोनों पदों का दायित्व निभाते हुए संगठन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपना कार्य करते चले जा रहे थे इनकी ईमानदारी लगन को देखते हुए संगठन ने इनको एक नई जिम्मेदारी देते हुए कानपुर से कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया जैसे ही समाज के लोगो को यहां जानकारी हुई तो वाल्मीकि समाज में खुशी की लहर जाग गई समाज के नवयुवाओं ने जितेन्द्र के निवास पर कांग्रेस सचिव अनिकेत सुनील वाल्मीकि. वाल्मीकि सेना कानपुर नगर अध्यक्ष विमल कुमार मानवाधिकार एनजीओ अध्यक्ष विजय मसीह उपाध्यक्ष अमित कुमार. राहुल केथल. अंटू वाल्मीकि. तरुण गौतम. आशीष गौतम. पहुंचकर फूलो की माला पहनाकर मिठाई खिलाकर जोरदार स्वागत किया और जितेन्द्र की पत्नी ममता बेटी अनिष्का ने आये हुए सभी लोगों के साथ मोहल्ले में मिठाई बाटकर अपनी खुशी जाहिर की इसी क्रम में पंडित जी के विधालय के कर्मचारी भी पीछे नही रहे जैसे ही कर्मचारियों को पता चला की हमारे साथी वाल्मीकि को संघ की तरफ से कानपुर कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है तो सभी कर्मचारियों ने बड़ी घूमधाम से जश्न मानते हुए की अब हमारे दर्द को समझने वाला हमारा भाई अध्यक्ष बनाया गया कर्मचारियों ने जितेन्द्र को माला पहनाकर स्वागत किया और अपने अपने विचार व्यक्त किए और  सभी का मुंह मीठा कराया एक दूसरे को बधाई दी इस मौके पर विधालय के प्रधानाचार्य देव सिंह गौड ने भी वाल्मीकि को अपना आशीर्वाद देते हुए नस्ते का आनन्द लिया
इस कार्यकर्म के मौके पर विनोद पाण्डेय. सुरेन्द्र यादव. क्रिकेट कोच अंकुर यादव.मरमट महंत ओम प्रकाश मिश्रा. राहुल यादव.शाहिल कुमार. करन त्रिवेदी. राजन शर्मा. अंकुर कश्यप. खुशबू शुक्ला मौजूद रहे।

Read More »

रात में चला सघन अभियान, 91 वाहनों पर कार्रवाई

दैनिक भारतीय स्वरूप (जिला सूचना कार्यालय) कानपुर, घाटमपुर में ओवरलोड और बिना नंबर प्लेट वाहनों पर चला शिकंजा, 17 वाहन सीज किए गए तथा 74 वाहनों का चालान* 4.48 लाख का जुर्माना घाटमपुर क्षेत्र में शुक्रवार रात्रि 9 बजे से राजस्व, पुलिस, परिवहन एवं खनन विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा सघन सड़क सुरक्षा एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ओवरलोड, बिना नंबर प्लेट, प्रेशर हॉर्न तथा अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई की गई।संयुक्त टीमों द्वारा कुल 91 वाहनों पर कार्रवाई की गई। परिवहन एवं खनन विभाग की ओर से 7 वाहनों के विरुद्ध ओवरलोड, टैक्स, परमिट, लाइसेंस तथा प्रेशर हॉर्न संबंधी 10 अनियमितताओं में कार्रवाई करते हुए लगभग 4 लाख 48 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं पुलिस विभाग द्वारा 17 वाहन सीज किए गए तथा 74 वाहनों का चालान किया गया।

अभियान में एसडीएम घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह, एआरटीओ कहकशां, एसीपी कृष्णकांत, खनन अधिकारी, पुलिस बल एवं अन्य विभागीय टीमें मौजूद रहीं।

एसडीएम अबिचल प्रताप सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग और यातायात नियमों की अनदेखी न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा है। आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Read More »

सोशल मीडिया पर दोस्ती की फिर ब्लैक मेल

   भारतीय स्वरूप संवाददाता रायगढ़ महिला थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से युवती से दोस्ती कर छेड़खानी, धमकी और अश्लील फोटो-वीडियो भेजकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। गिरफ्तार आरोपी सौरभ सिंह राजपूत पिता श्याम किशोर सिंह उम्र 24 वर्ष, निवासी लश्करगंज थाना टिकारी जिला गया (बिहार) का रहने वाला है।

पीड़िता ने दिनांक 14.05.2026 को महिला थाना रायगढ़ पहुंचकर लिखित आवेदन दिया, जिसमें बताया कि करीब 7-8 माह पहले उसकी पहचान आरोपी से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होती थी। दिनांक 05.01.2026 को आरोपी रायगढ़ आया और मेडिकल कॉलेज रोड चक्रधरनगर क्षेत्र में युवती को बुलाकर पसंद करने की बात कहते हुए गलत नियत से हाथ पकड़कर छेड़खानी की तथा घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। भय के कारण पीड़िता ने यह बात अपने परिजनों को नहीं बताई।

इसके बाद आरोपी लगातार फोन कर युवती को परेशान करता रहा और बातचीत बंद करने पर जान से मारने की धमकी देता रहा। दिनांक 30.04.2026 को आरोपी ने युवती को साथ घूमने चलने का दबाव बनाया और मना करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। भयभीत युवती आरोपी के साथ मथुरा चली गई। दिनांक 04.05.2026 को युवती ट्रेन से वापस रायगढ़ लौटी, लेकिन आरोपी उसका मोबाइल अपने पास रख लिया और केवल सिम वापस किया। घर पहुंचने के बाद पीड़िता ने पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई।

इसके बाद आरोपी युवती से मिलने की जिद करते हुए इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से युवती के परिजनों को अश्लील फोटो और वीडियो भेजकर धमकाने लगा। शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 47/2026 धारा 74, 75, 79, 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

आज आरोपी के रेलवे स्टेशन के पास देखे जाने की सूचना पर महिला थाना और थाना साइबर की संयुक्त टीम ने पीछा करते हुए चक्रधरनगर क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वयं को यूट्यूबर बताया और अपराध स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त OnePlus Nord CE 2 Lite 5G मोबाइल फोन जप्त किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक मालती कंवर, आरक्षक राजेश उरांव तथा थाना साइबर के आरक्षक महेश पंडा, पुष्पेन्द्र जाटवर और नवीन शुक्ला की सराहनीय भूमिका रही।

 एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आगाह किया– “सोशल मीडिया पर अंजान लोगों से दोस्ती खतरनाक हो सकती है महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों को रायगढ़ पुलिस किसी भी कीमत पर बख्शेगी नहीं। ऐसे अपराधियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”

Read More »

नशे बाजी में बेकाबू कार की चपेट में आई दो दुकानें

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के गुजैनी थाना क्षेत्र में नशेबाजी का नजारा! गुजैनी थाना क्षेत्र की गुजैनी पुलिस चौकी के ठीक सामने कार की चपेट में आई दो दुकानें। एक दुकान क्षत विक्षत, दूसरी मामूली रूप से क्षतिग्रस्त। हादसे में कोई जनहानि नहीं।

बताया गया कि यहीं पर मज़दूर सोते थे, लेकिन आज नहीं सोए थे !

आज रात्रि 1 से 2 बजे के दौरान की घटना। कार में 5 लोग सवार थे, सभी सुरक्षित ।

बताया गया कि कार सवार सभी लोग शराब के नशे में थे।

पीड़ित सिद्ध गोपाल का कहना कि उसकी बात को नहीं सुना जा रहा है।

Read More »

“भारतीय ज्ञान परंपरा में गुरु शिष्यपरंपरा”! विषय पर व्याख्यान आयोजित

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर दयानंद गर्ल्स कॉलेज के प्रांगण में शिक्षा शास्त्र विभाग तथा दर्शनशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वाधान में व्याख्यान का आयोजन किया गया। जिसका विषय रहा “भारतीय ज्ञान परंपरा में गुरु शिष्यपरंपरा”! व्याख्यान का शुभारंभ प्राचार्य प्रोफेसर बंदना निगम तथा डायरेक्टर प्रोफेसर अर्चना वर्मा के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। स्वागत उद्बोधन प्रोफेसर स्वाती सक्सेना ने किया और भारतीय ज्ञान परंपरा के महत्व के बारे में बताया, विषय प्रवर्तन प्रोफेसर सुचेता शुक्ला ने किया इन्होंने गुरु की महिमा का साक्षात वर्णन किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉक्टर संगीता एस.एन. सेम कॉलेज ने गुरु शिष्य परंपरा के विभिन्न तथ्यों पर प्रकाश डाला कि वर्तमान दौर में गुरु शिष्य का अटूट बंधन क्यों अनिवार्य हैं और वैदिक संस्कृति ने इस देश को क्या दिया है यदि भावी पीढ़ी को तरक्की करनी है तो अपने गुरु के मूल्यों के साथ आगे बढ़ना होगा भारतीय संस्कृति में गुरु और माता-पिता को समतुल्य स्थान दिया गया है यदि आप इनके आशीर्वाद से जीवन में कुछ भी करना चाहते हैं तो असंभव नहीं है। धन्यवाद ज्ञापन प्रोफेसर मधुरिमा सिंह ने किया। कार्यक्रम में प्रोफेसर पप्पी मिश्रा, प्रोफेसर क्षमा त्रिपाठी, डॉ अंशु पांडे,डॉ आभा पांडे, कविता विश्नोई,डॉ शालिनी तिवारी आदि की उपस्थित रही। कार्यक्रम में लगभग 118 छात्राओं ने सहभागिता की और ज्ञानार्जन प्राप्त किया।

Read More »

पर्यावरणीय अवनयन” विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, कानपुर के भूगोल विभाग द्वारा दिनांक 8 अप्रैल 2026 को स्नातक एवं परास्नातक छात्राओं हेतु “पर्यावरणीय अवनयन” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता सिरोही के कुशल निर्देशन एवं प्राचार्या प्रो. वंदना निगम के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डी.ए.वी. कॉलेज, कानपुर के भूगोल विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. कुमार अमित उपस्थित रहे। उन्होंने पर्यावरणीय अवनयन, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर छात्राओं को विस्तृत जानकारी प्रदान की।

व्याख्यान के दौरान छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. कुमार अमित ने सरल एवं प्रभावशाली ढंग से उत्तर दिया। कार्यक्रम छात्राओं के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी रहा। कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. अंजना श्रीवास्तव द्वारा किया गया। साथ ही विभाग की प्राध्यापिका डॉ. शशि बाला सिंह एवं श्वेता गोंड की उपस्थिति एवं सहयोग सराहनीय रहा। अंत में विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता सिरोही ने मुख्य वक्ता सहित सभी अतिथियों एवं छात्राओं का आभार व्यक्त किया।

Read More »

धर्मेन्द्र प्रधान ने नई दिल्ली में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) दिशा-निर्देश लॉन्‍च किए

 केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने आज नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) दिशा-निर्देश लॉन्‍च किए। इस अवसर पर दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र सरकार के शिक्षा मंत्री आशीष सूद; छत्तीसगढ़ सरकार के स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव; स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग (डीओएसईएल) के सचिव  संजय कुमार; पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव  अशोक कुमार मीणा तथा डीओएसईएल की अतिरिक्त सचिव अर्चना एस. अवस्थी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

इस अवसर पर अपने संबोधन में  धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) दिशा-निर्देश–2026 राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के विज़न को देश के लगभग 15 लाख विद्यालयों में कार्यान्वित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि इन दिशा-निर्देशों में एसएमसी को विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और समुदायों के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में परिकल्पित किया गया है, जिससे सामुदायिक भागीदारी और शिक्षा में साझा उत्तरदायित्व के माध्यम से बच्चों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।

 

श्री प्रधान ने इस बात पर बल दिया कि जहाँ एक ओर  सरकार बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, कल्याण, मानसिक स्वास्थ्य तथा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (सीडब्ल्यूएसएन) के लिए समर्थन सुनिश्चित करने के प्रति वचनबद्ध है, वहीं एसएमसी दिशा-निर्देश विद्यालयों को सुदृढ़ बनाने में सहयोग, मार्गदर्शन और सामुदायिक स्वामित्व के महत्व को भी मान्यता देते हैं। उन्होंने कहा कि इन दिशा-निर्देशों का उद्देश्य एसएमसी को शैक्षिक परिणामों में सुधार की एक स्‍थायी संस्कृति और जन-आंदोलन के रूप में विकसित करना है। विद्यांजलि जैसी पहलों की भूमिका को रेखांकित करते हुए, उन्होंने कहा कि भारत की शिक्षा व्यवस्था ऐतिहासिक रूप से सामुदायिक नेतृत्व के अंतर्गत फली-फूली है, और नए एसएमसी दिशा-निर्देश विद्यालयों को पुनः सामाजिक सहभागिता के केंद्र में स्थापित कर उसी भावना को पुनर्जीवित करने का प्रयास करते हैं। अपने संबोधन में  आशीष सूद ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल नए दिशा-निर्देश जारी करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत की शिक्षा व्यवस्था में हो रहे गहन और परिवर्तनकारी बदलाव का प्रतीक है। उन्होंने बल देते हुए कहा कि यदि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को प्राप्त करना है, तो उसका मार्ग देश की कक्षाओं से होकर ही गुजरेगा।

सूद ने नवप्रारंभित एसएमसी दिशा-निर्देश 2026 को इस परिवर्तनकारी यात्रा की एक महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम के बाद प्रारंभ किया गया पूर्ववर्ती एसएमसी ढाँचा मुख्यतः अनुदान निगरानी, अवसंरचना पर्यवेक्षण और प्रशासनिक प्रक्रियाओं तक सीमित था। किंतु आज की चुनौतियाँ और अपेक्षाएँ काफी बदल चुकी हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि बाल सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन), डिजिटल पारदर्शिता, अधिगम (लर्निंग) परिणाम तथा सामुदायिक भागीदारी जैसे विषय अत्यंत महत्वपूर्ण बन गए हैं। नए एसएमसी दिशा-निर्देशों को इन प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। मंत्री महोदय ने बल देते हुए कहा कि ये दिशा-निर्देश एसएमसी को मात्र निगरानी निकाय से आगे बढ़ाकर वास्तविक “विद्यालय समुदाय प्रशासनिक संस्थान” में परिवर्तित करते हैं। अब एसएमसी समग्र बाल विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्र कल्याण, सुरक्षा, समावेशन, डिजिटल प्रशासन तथा पारदर्शिता में सक्रिय योगदान देंगी। अपने संबोधन के अंत में श्री सूद ने विश्वास व्यक्त किया कि एसएमसी दिशा-निर्देश 2026 सामुदायिक भागीदारी, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सुदृढ़ करेंगे तथा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।

अपने संबोधन में श्री गजेंद्र यादव ने कहा कि बच्चों के अधिगम परिणामों में सुधार के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेन्द्र प्रधान के नेतृत्व में प्रस्तुत किए गए स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) दिशा-निर्देश विद्यालय प्रबंधन और संचालन में स्थानीय अभिभावकों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित कर अभिभावकों और विद्यालयों के बीच की दूरी को कम करने में सहायक होंगे।

बैठक में हरियाणा के स्कूल, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री महिपाल ढांडा; महाराष्ट्र के स्कूली शिक्षा एवं मराठी भाषा मंत्री श्री दादाजी भुसे; मिजोरम के स्कूली शिक्षा, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. वनलालथलाना; त्रिपुरा सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री श्री किशोर बर्मन; उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री श्री धन सिंह रावत; तथा नागालैंड के उच्च शिक्षा मंत्री श्री तेमजेन इम्ना आलोंग सहित कई राज्यों के शिक्षा मंत्रियों ने वर्चुअल माध्यम से भाग लिया

स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) दिशा-निर्देशों हेतु जानकारी के लिए कृपया नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।

https://dsel.education.gov.in/sites/default/files/guidelines/School_Management_Committee_Guidelines.pdf

Read More »

दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज में “सेमिनार प्रेजेंटेशन एवं प्रोजेक्ट रिपोर्ट प्रस्तुतीकरण” आयोजित

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, कानपुर के भूगोल विभाग द्वारा बी.ए. षष्ठम सेमेस्टर सत्र 2025-26 की छात्राओं हेतु “सेमिनार प्रेजेंटेशन एवं प्रोजेक्ट रिपोर्ट प्रस्तुतीकरण” विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता सिरोही के मार्गदर्शन में दिनांक 6 मई 2026 को आयोजित किया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने भूगोल विषय से संबंधित विभिन्न समसामयिक एवं शोधपरक विषयों जैसे ‘सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट इन कानपुर’ , ‘कानपुर में नगरीकरण एवं उसके प्रभाव’ आदि पर प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं।
विषय विशेषज्ञ डॉ. ऋचा त्रिपाठी तथा डॉ शशिबाला सिंह ने छात्राओं की प्रस्तुति, शोध दृष्टिकोण एवं विषय ज्ञान की सराहना की गई। शोध निर्देशक डॉ संगीता सिरोही, डॉ अंजना श्रीवास्तव एवं स्वेता गोंड ने छात्राओं को शोध कार्य, प्रस्तुतीकरण कौशल एवं विषय की गहन समझ विकसित करने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान किए। सेमिनार प्रेजेंटेशन के माध्यम से छात्राओं को अकादमिक अभिव्यक्ति, शोध लेखन तथा मंच संचालन का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।

Read More »

8वें पोषण पखवाड़ा के तहत स्क्रीन टाइम घटाने में अभिभावकों एवं समुदाय की भूमिका पर दयानंद गर्ल्स पी जी कॉलेज में जागरूकता अभियान

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर।20 अप्रैल 2026, दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, कानपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में पोषण पखवाड़ा (8वां संस्करण) के अंतर्गत “स्क्रीन टाइम कम करने में माता-पिता, अभिभावकों एवं समुदाय की भूमिका” विषय पर एक प्रभावी व्याख्यान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम डॉ. संगीता सिरोही के कुशल निर्देशन में, सेल्फ फाइनेंस डायरेक्टर प्रो. अर्चना वर्मा के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मुख्य वक्ता के रूप में रेंजर प्रभारी प्रो. स्वाति सक्सेना ने विद्यार्थियों को अत्यधिक स्क्रीन उपयोग के दुष्प्रभावों तथा उसके समाधान के व्यावहारिक उपायों से अवगत कराया। उन्होंने अभिभावकों एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी को बच्चों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।

इस अवसर पर लगभग 70 प्राध्यापिकाओं एवं छात्राओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. अंजना श्रीवास्तव, प्रो. रुचिमिता पाण्डेय, अपूर्वा बाजपेयी, डॉ अलका सिंह, डॉ. कुमुद बाला सिंह एवं डॉ. श्वेता गोंड का विशेष सहयोग सराहनीय रहा। डॉ संगीता सिरोही ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली एवं पौष्टिक आहार अपनाने का संदेश दिया गया।

Read More »