Breaking News

जनपद में बाढ़ प्रभावित किसानों, अतिवृष्टि से जनहानि एवं मकान क्षति के मामलों में 78.52 लाख रुपये की सहायता वितरित

422 किसानों को 8.71 लाख रुपये का कृषि निवेश अनुदान, जनहानि एवं मकान क्षति के मामलों में 69.80 लाख रुपये की सहायता*

*जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने प्रभावित किसानों को वितरित किए सहायता राशि के चेक*भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर नगर, जनपद में बाढ़ प्रभावित किसानों तथा अतिवृष्टि से जनहानि एवं मकान क्षति के मामलों में कुल 78 लाख 52 हजार 48 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इसमें बाढ़ से प्रभावित 422 किसानों को आज वितरित की गई 8 लाख 71 हजार 548 रुपये की कृषि निवेश अनुदान सहायता भी शामिल है। सोमवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित कृषि निवेश अनुदान वितरण कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर ने प्रभावित किसानों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। इस अवसर पर गोरखपुर में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।

जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि आपदा से प्रभावित किसानों को समयबद्ध ढंग से सहायता उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। आज बाढ़ प्रभावित किसानों को कृषि निवेश अनुदान सहायता वितरित की गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा से प्रभावित प्रत्येक पात्र किसान को समय से सहायता उपलब्ध कराई जाए और कोई भी पात्र किसान सहायता से वंचित न रहे।

जनपद की सदर तहसील में गंगा नदी की बाढ़ से प्रभावित पांच गांवों हिन्दूपुर, चिरान, प्रतापपुर हरि, पृथ्वीगंज और कटरी ख्योरा के 387 किसानों को 7 लाख 73 हजार 375 रुपये की कृषि निवेश अनुदान सहायता प्रदान की गई है। इन गांवों में बाढ़ से कुल 22.4761 हेक्टेयर कृषि क्षेत्रफल प्रभावित हुआ था।

इसी प्रकार नर्वल तहसील में पांडु नदी की बाढ़ से प्रभावित ग्राम देवसढ़ के मजरा खेड़ा डोमनपुर के 35 किसानों को 98 हजार 173 रुपये की सहायता प्रदान की गई है। यहां 5.0607 हेक्टेयर कृषि क्षेत्रफल प्रभावित हुआ था। इस प्रकार दोनों तहसीलों में कुल 27.5368 हेक्टेयर प्रभावित कृषि क्षेत्रफल के सापेक्ष 422 किसानों को कृषि निवेश अनुदान सहायता उपलब्ध कराई गई है।

कार्यक्रम में सहायता राशि प्राप्त करने वाले किसानों में श्यामू, जगदीश, तुलसीराम, मुन्ना, राकेश, कालीचरण, रमेश, जगन्नाथ, सुरेश और सैम शामिल रहे।

*अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों को भी आर्थिक सहायता*

जनपद में एक अप्रैल से अब तक अतिवृष्टि के कारण हुई 15 जनहानियों के मामलों में प्रभावित परिवारों को कुल 60 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त 207 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कच्चे मकानों के लिए 8 लाख 28 हजार रुपये, पांच आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त पक्के मकानों के लिए 32 हजार 500 रुपये तथा एक पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त कच्चे मकान के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की गृह अनुदान सहायता प्रदान की गई है।

इस प्रकार जनहानि एवं आवासीय क्षति के मामलों में कुल 69 लाख 80 हजार 500 रुपये की सहायता प्रदान की गई है। कृषि निवेश अनुदान को मिलाकर जनपद में संबंधित आपदा प्रभावितों को कुल 78 लाख 52 हजार 48 रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. विवेक चतुर्वेदी, तहसीलदार सदर विनय द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Read More »

मतदाता सूची को त्रुटिरहित, शुद्ध एवं निर्विवाद बनाने में सहयोग करें राजनीतिक दल -निर्वाचन अधिकारी

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के बाद छूटे हुए एवं युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए चलेगा विशेष अभियान*

जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित*

दैनिक भारतीय स्वरूप कानपुर नगर, (जिला सूचना अधिकारी) 12 अक्टूबर 2026। जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सोमवार को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के उपरांत मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे हुए तथा प्रथम बार एवं युवा मतदाताओं के नाम सम्मिलित कराने के लिए संचालित किए जाने वाले विशेष अभियान पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि आयोग की मंशा है कि निर्वाचक नामावली पूरी तरह निर्विवाद, त्रुटिरहित एवं शुद्ध हो तथा कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली जनपद की एनआईसी वेबसाइट पर उपलब्ध है, जिसका कोई भी व्यक्ति अवलोकन कर सकता है। बूथवार आंकड़े भी राजनीतिक दलों के साथ साझा किए जा चुके हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे मतदाता सूची का अवलोकन करें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि अथवा विसंगति संज्ञान में आती है तो संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) से संपर्क कर नियमानुसार उसका सुधार कराएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धीकरण एक सतत प्रक्रिया है।

बैठक में बताया गया कि आयोग के निर्देशानुसार बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा 10 अप्रैल 2026 को अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची का मिलान विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से पूर्व 07 जनवरी 2025 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची एवं पूरक सूचियों से किया जाएगा। इस दौरान ऐसे मतदाताओं को चिह्नित किया जाएगा, जिनके नाम पूर्व की सूची में थे, लेकिन वर्तमान सूची में सम्मिलित नहीं हैं। उनकी वर्तमान स्थिति का सत्यापन बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपेक्षा की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को सक्रिय करते हुए बीएलओ के साथ समन्वय बढ़ाएं। विशेष रूप से छूटे हुए पात्र नागरिकों, 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं, दिव्यांगजनों, बेघर नागरिकों, बुजुर्गों तथा महिला मतदाताओं के पंजीकरण में सहयोग करें। अभियान के दौरान बीएलओ द्वारा पात्र नागरिकों के फॉर्म-6 भरवाए जाएंगे तथा चिह्नित मतदाताओं की सूची बीएलए के साथ भी साझा की जाएगी।

बैठक में अवगत कराया गया कि आयोग के निर्देशों के क्रम में बूथ स्तर पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। रात्रि आश्रयों, श्रमिक बस्तियों, आश्रयहीन एवं वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शिक्षण संस्थानों एवं स्वीप गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता भी बढ़ाई जाएगी। नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 तथा नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 का प्रावधान है। आवेदन संबंधित बीएलओ, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय अथवा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट एवं ECINET ऐप के माध्यम से किया जा सकता है।

बैठक में बताया गया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के गणना चरण में अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की सूचियां तैयार कर राजनीतिक दलों के साथ साझा की गई थीं। इसके उपरांत 06 जनवरी 2026 को आलेख्य निर्वाचक नामावली तथा दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद 10 अप्रैल 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की गई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विवेक चतुर्वेदी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अजय श्रीवास्तव सहित भाजपा, कांग्रेस, बसपा, सपा, अपना दल एवं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Read More »

स्लोगन बनाकर दिया गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर। दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, कानपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं रेंजर्स के संयुक्त तत्वधान में 17 से 31 अक्टूबर तक आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा’ की भावना के साथ गंगा स्वच्छता एवं संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता हेतु राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ संगीता सिरोही के निर्देशन में स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की 30 छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की। प्रो स्वाति सक्सेना ने बताया कि इस अवसर पर गंगा को स्वच्छ, निर्मल एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से विभिन्न प्रेरणादायक नारे लिखकर प्रस्तुत किए गए। अभियान के माध्यम से गंगा में कचरा एवं प्लास्टिक न डालने, नदियों के जल को प्रदूषण से बचाने तथा स्वच्छता के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया। “स्वच्छ गंगा, निर्मल धारा-यही हो संकल्प हमारा”, “गंगा की स्वच्छता, सबकी सहभागिता” तथा “सेवा संकल्प हमारा है, गंगा को स्वच्छ बनाना है” जैसे नारों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

डॉ अपर्णा शुक्ला ने कार्यक्रम के मुख्य उद्देश्य- स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने हेतु छात्राओं को समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। डॉ अलका त्रिपाठी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि गंगा की स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक कर्तव्य है।

Read More »

सुर सारथी संगीत परिवार ने सजाई सुमधुर सुरों की महफिल

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर के श्यामनगर क्षेत्र स्थित होटल गोविन्दम इलाइट में सुर सारथी परिवार ने नए पुराने गीतों की सुमधुर महफिल सजाई, ऐसे संगीतमय वातावरण में बरबस लोग झूमने को मजबूर हो गए, अवसर था सुर सारथी संगीत परिवार की ओर से आयोजित म्यूजिकल मीट 2026 का, सभी कलाकारों (जिनमें से अधिकांश का शौक है गायन) की एक से बढ़कर एक धमाकेदार संगीतमय प्रस्तुतियों के साथ साथ वहां का शालीन ,पारिवारिक और अनुशासित वातावरण देख के लगा कि यही सुर सारथी परिवार की खासियत है और यही उसे अन्य सांस्कृतिक आयोजनों से अलग छवि प्रदान करती है। कार्यक्रम का शुभारंभ सभी के द्वारा माता सरस्वती जी की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलन और उनका आशीष ग्रहण करके हुआ। उसके उपरांत कानपुर और लखनऊ से आए गायक/गायिकाओं की एक से बढ़ कर एक प्रस्तुतियों से सुबह १० बजे प्रारंभ हुआ कार्यक्रम की समाप्ति शाम 6.15 तक का था समय कैसे निकल गया किसी को पता ही नहीं चला। आयोजकों सर्व श्री आशीष अवस्थी, राजेंद्र श्रीवास्तव और अतुल दीक्षित ने बताया कि इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्देश्य संगीत प्रेमी लोगों को तनाव से दूर अपने गायकी के शौक पूरा करना के लिए एक मंच प्रदान करना है। पूरे दिन तक चले इस कार्यक्रम में सर्व श्री राजेंद्र श्रीवास्तव, सुषमा श्रीवास्तव, आशीष अवस्थी, अंजना अवस्थी, संध्या श्रीवास्तव, अतुल दीक्षित, भारती दीक्षित, आरती त्रिपाठी, रेनू अवस्थी, रेनू अग्रवाल, मोनिका दिवाकर, नीलम दीक्षित, आलोक वर्मा, गोविन्द सिंह, वैभव, अलका सिंह, बॉबी खान, जितेंद्र कुमार, दिवाकर शुक्ल,  जितेंद्र श्रीवास्तव,  प्रीति श्रीवास्तव, स्मिता श्रीवास्तव, अनिल श्रीवास्तव, संध्या मिश्रा, डी के निगम, सौरभ सिंह, विजय प्रजापति आदि की एक से बढ़कर एक धमाकेदार प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को अंत तक बांधे रखा।

Read More »

बिठूर नगर पंचायत उपचुनाव के लिए प्रेक्षक नियुक्त

दैनिक भारतीय स्वरूप (जिला सूचना कार्यालय)कानपुर नगर। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) विवेक चतुर्वेदी ने अवगत कराया कि राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में आयुक्त, कानपुर मंडल द्वारा नगर पंचायत बिठूर के रिक्त अध्यक्ष पद पर प्रस्तावित उपचुनाव की मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रवीण कुमार राय, संयुक्त विकास आयुक्त, कानपुर मंडल को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रेक्षक प्रवीण कुमार राय का जनपद कानपुर नगर में आगमन 12 अक्टूबर, 2026 को होगा। उनके ठहरने का स्थान कैनाल कॉलोनी, गोविंद नगर तथा कार्यालय संयुक्त विकास आयुक्त, कानपुर मंडल, मेट्रो पिलर संख्या 192 के सामने निर्धारित किया गया है। प्रेक्षक से मोबाइल नंबर 9305011361 पर संपर्क किया जा सकता है।

Read More »

पंडित दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय का वार्षिकोत्सव “अभिव्यंजना” संपन्न

छात्र-छात्राओं ने नाटक के माध्यम से सामाजिक समरसता, नागरिक कर्तव्य और कुटुंब प्रबोधन का दिया संदेश

भारतीय संस्कृति और देश प्रेम का प्रतीक बना वार्षिकोत्सव*

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर पंडित दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय नवाबगंज में चल रहे त्रिदिवसीय वार्षिकोत्सव के अंतिम दिन भव्य सांस्कृतिक संध्या “अभिव्यंजना” हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें पंच परिवर्तन – स्व का बोध, नागरिक कर्त्तव्य, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण, और सामाजिक समरसता पर आधारित विविध कार्यक्रम विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए।

इस अवसर पर उपस्थित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी कानपुर नगर महेंद्र सिंह तँवर और विशिष्ट अतिथि चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के कुलपति डॉ० संजीव गुप्त तथा ए डी एम सिटी सौरभ सिंह, ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। श्री वीरेंद्रजीत सिंह (अध्यक्ष, श्री ब्रह्मावर्त सनातन धर्म महामंडल), विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष योगेंद्र नाथ भार्गव, विद्यालय की प्रबंधक श्रीमती नीतू सिंह, सह प्रबंधक श्रीमती उर्षमीना खेर तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राकेश राम त्रिपाठी ने अतिथियों का स्वागत किया।

वार्षिकोत्सव ‘अभिव्यंजना’ के इस सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत शक्ति स्वरूपा माँ दुर्गा स्तुति से हुई। यह नृत्य मां दुर्गा के दिव्य स्वरुप को समर्पित है जो शक्ति, साहस, करुणा और संरक्षण की प्रतीक हैं। बहुत ही भावपूर्ण मुद्राओं और सशक्त अभिनय से मां के तेजस्वी एवं करुणामई स्वरूप की प्रस्तुति ने सभी दर्शकों को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तँवर जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि दीनदयाल जी का चिंतन, उनकी तपस्या, त्याग और साधना की खुशबू हमें इस विद्यालय के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देखने को मिली। दीनदयाल जी के दो दर्शन- अंत्योदय और समग्र विकास मुझे आकर्षित करते हैं। उनमें से अंत्योदय दर्शन जिस पर दीनदयाल जी का विचार था कि अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया जाए। उनका दूसरा दर्शन समग्र विकास है जिसमें आर्थिक, सामाजिक, राजनैतिक विकास की बात की गई है। समग्र विकास को पूर्ण करने के लिए वर्तमान सरकार प्रयत्न शील है। सन 2047 तक विकसित भारत और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को पूरा करने में हम सभी योगदान दें। हम सब अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग होकर राष्ट्र निर्माण तथा विकास में सहयोग दें। हम सब मिलकर अपने कानपुर शहर को भी श्रेष्ठता के शिखर पर पहुंचाएं।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारे चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के कुलपति डॉ० संजीव गुप्त जी ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह विद्यालय अनूठा है यहां शिक्षा के साथ संस्कार दिए जाते हैं। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन को स्मरण करते हुए कहा कि मैंने और मेरे भाई ने यहां से पढ़ाई की है। यहां पर प्रवेश पाना मुश्किल था। विद्यालय का ध्येय वाक्य ‘वयं राष्ट्र जागृयाम’ है। हम स्वयं जागें और राष्ट्र को जगाएं। इस विद्यालय में अष्टधातु की हनुमान जी की प्रतिमा है। हनुमान जी अष्ट सिद्धि नौ निधि के दाता हैं, और अत्यंत गुणीहैं। उनकी भक्ति करके आप सभी छात्रों को श्रेष्ठ छात्र बनकर राष्ट्र निर्माण में सहयोग करना चाहिए। गीता के आठवें श्लोक का प्रसंग लेते हुए उन्होंने कहा कि ज्ञान पवित्र होना चाहिए और पवित्र ज्ञान और विनम्रता से ही सब कुछ पाया जा सकता है। आप सभी ज्ञान के साथ विनम्रता प्राप्त करें।
विद्यालय की प्रबंधक श्रीमती नीतू सिंह जी ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति आख्या प्रस्तुत करते हुए कहा कि हमारा विद्यालय उत्तरोत्तर प्रगति पथ पर अग्रसर है और अनेक उपलब्धियां प्राप्त कर रहा है। नगर स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक दीनदयाल विद्यालय के विद्यार्थियों ने जो कीर्तिमान इस वर्ष स्थापित किए हैं उनका उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि हमारे विद्यालय के अनेक छात्र अपनी प्रतिभा, परिश्रम और कुशल मार्गदर्शन से देश विदेश के अनेक विभागों में सेवाएं देते हुए हमारे विद्यालय और कानपुर का नाम रोशन कर रहे हैं।

इस वर्ष की प्रतियोगी परीक्षाओं में कई छात्र चयनित हुए हैं, जिनमें चिरंजीव कुणाल गुप्त जो 2021 बैच के छात्र रहे हैं इन्होंने सी. ए. की परीक्षा में कानपुर में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 2021 बैच के चिरंजीव रोहन कुशवाहा तथा 2018 बैच के चिरंजीव कार्तिकेय तिवारी ने भी सी.ए. की परीक्षा उत्तीर्ण की। चिरंजीव श्रेष्ठ वर्मा तथा चिरंजीव सूर्यांश यादव का नीट परीक्षा में चयन हुआ। कानपुर सहोदय विद्यालय संगठन (KSS) में हमारे विद्यालय का प्रदर्शन सराहनीय रहा है।

कक्षा 6 से 12 तक की बालक वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में विद्यालय को प्रथम स्थान और कक्षा 6 से 8 तक के बालक वर्ग की शतरंज प्रतियोगिता में भी विद्यालय को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। कक्षा 6 से 8 तक बालिका वर्ग की शतरंज प्रतियोगिता में आठवीं कक्षा की कुमारी छवि बोर्ड विनर रहीं और कक्षा 9 से 12 तक बालक वर्ग की शतरंज प्रतियोगिता में 11वीं कक्षा के चिरंजीव अरिहंत राजपूत बोर्ड विनर रहे। कक्षा 9 से 12 तक बालिका वर्ग की शतरंज प्रतियोगिता में नवीं कक्षा की कुमारी नव्या राठौर बोर्ड विनर रहीं। कक्षा 9 से 12 तक हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा कुमारी आकृति सिंह को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। गया। सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी में विद्यालय को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसी प्रकार से हमारे विद्यालय ने अन्य अनेक प्रतियोगिताओं जैसे -अमर उजाला द्वारा आयोजित शतरंज प्रतियोगिता में, लखनऊ में ताइक्वांडो एसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में, ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा दिल्ली में आयोजित ओपन नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में, जिला भारोत्तोलन संघ द्वारा आयोजित भारोत्तोलन प्रतियोगिता में, सीबीएसई द्वारा आयोजित क्लस्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में, प्रताप इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित विज्ञान प्रतियोगिता में तथा अन्य अनेक प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठतम प्रदर्शन करते हुए अनेक पुरस्कार प्राप्त किए हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर संघ पर आधारित विद्यालय में एक नाटक वटवृक्ष प्रस्तुत किया गया। यह नाटक मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना परम पूज्य डॉक्टर केशव बलिराम हेडगेवार जी ने सन् 1925 में विजयदशमी के दिन की थी। प्रारंभ में इस संगठन की स्थापना का उद्देश्य अंग्रेजों की गुलामी के विरुद्ध आवाज उठानी और संगठन खड़ा करना था। कालांतर में आजादी के बाद समाज में सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण की सुरक्षा, नागरिक कर्त्तव्य और स्वदेशी का बोध इन पांच संकल्पों के प्रति जागरूक करना है। उनकी इस विचारधारा को किस प्रकार से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर संघचालक माधव सदा शिवराव गोलवलकर (गुरुजी), बालासाहेब जी, के सी सुदर्शन जी, रज्जू भैया जी, दीनदयाल उपाध्याय जी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी, अटल बिहारी वाजपेई जी, अशोक सिंघल जी, बालाजी देशमुख और मोहन भागवत जी ने आगे बढ़ाया तथा आत्मनिर्भर भारत के लिए एक जिम्मेदार नागरिक की भावना एक ही विचार, एक ही प्रेरणा, अनेक रूप और एक ही लक्ष्य ‘राष्ट्र प्रथम’ की होनी चाहिए यह दर्शाना नाटक का मुख्य उद्देश्य रहा।

पर्यावरण संरक्षण के संकल्प पर आधारित कथक नृत्य की प्रस्तुति द्वारा यह संदेश दिया गया कि जहां प्रकृति है वहां जीवन है। प्रकृति की रक्षा ही भविष्य की रक्षा है। पेड़ लगाने, जल को बचाने, प्लास्टिक का उपयोग न करने, प्रत्येक जीव -जंतुओं की रक्षा करने और अपने पर्यावरण का संरक्षण करके प्रकृति के संतुलन को बनाए रखना हम सबकी जिम्मेवारी है।

भावपूर्ण मुद्राओं, जटिल पदचाप, लयबद्ध संरचनाओं और गतिशील सामूहिक विन्यासों के माध्यम से इस प्रस्तुति ने हरे – भरे वनों, बहते जल और प्रवाहित होने वाली हवा तथा पृथ्वी पर विद्यमान जीत की जीवंतता को साकार करते हुए इस अद्भुत प्रस्तुति नै पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
दशावतार नृत्य नाटिका भाव विभोर कर देने वाली प्रस्तुति द्वारा भगवान विष्णु के दस अवतारों मत्स्य, कूर्म, वाराह, नरसिंह, दामोदर, मर्यादापुरुषोत्तम श्री राम, भगवान श्री कृष्ण, भगवान बुद्ध, और कल्कि की मनमोहक प्रस्तुतियों द्वारा यह संदेश दिया गया कि सत्य, धर्म, करुणा और न्याय की शक्ति हमेशा झूठ, अधर्म, अहंकार और अन्याय पर विजय प्राप्त करती है।

नुक्कड़ नाटक “टूटता संसार” की प्रस्तुति के द्वारा मोबाइल के बढ़ते प्रभाव, संवाद की कमी और व्यक्तिगत स्वार्थ के कारण टूटते संयुक्त परिवारों को पुनः जोड़ने, मिलकर रहने, आपसी संवाद बनाए रखने और पारिवारिक मूल्यों को जगाने (कुटुंब प्रबोधन) का प्रयास किया गया।

आर्केस्ट्रा नाद – निनाद : भारतीय शास्त्रीय संगीत के अत्यंत लोकप्रिय राग यमन पर आधारित शास्त्रीय संगीत की विभिन्न विधाओं एवं वाद्य यंत्रों – हारमोनियम, तबला, नाल, बांसुरी, घूंघररू और गिटार के सुंदर समन्वय की अद्भुत प्रस्तुति ने सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।

राग ध्रुपद गायन यह भारतीय शास्त्रीय संगीत की प्राचीनतम एवं गंभीर गायन शैलियों में से एक है, जिसका विकास मुख्यतः मार्गी संगीत के साधकों तथा राजदरबारों की संगीत परंपरा में हुआ। ध्रुपद गायन में स्वर की शुद्धता, गंभीरता चार खंड की आलापचारी और लय का विशेष महत्त्व होता है। छात्रों ने दोनों प्राचीन शास्त्री परंपरा की गायन शैलियों की अद्भुत प्रस्तुति से सबको भावविभोर कर दिया।

समूह गान सीनियर वर्ग के छात्रों द्वारा स्वदेशी थीम पर आधारित ‘आत्मनिर्भर भारत होगा’ गीत के माध्यम से स्वदेशी को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

विद्यालय के छात्र समिष्ठ अग्रवाल ने शास्त्रीय एकल गायन की प्रस्तुति देकर गायन कला का अद्भुत प्रदर्शन किया। चरैवेति -चरैवेति गीत के माध्यम से मिलकर चलने का संदेश दिया।

समूहगान ‘सर पर हिमालय का छत्र है’ इस भावपूर्ण संघ गीत की प्रस्तुति के माध्यम से एकता, अनुशासन, समर्पण, राष्ट्र-प्रेम और निःस्वार्थ सेवा की भावना को अभिव्यक्ति करते हुए यह संदेश दिया गया कि जब हम एक उद्देश्य के लिए एकजुट होते हैं तो हमारा प्रत्येक प्रयास राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बन जाता है।

नागरिकों के कर्त्तव्य पर आधारित नृत्य-नाटकः ‘हम भारत के नागरिक हैं” प्रस्तुत किया गया जो आज के समय में नागरिक होने के असली मायने समझाता है। नाटक में यह दिखाया गया कि देश की समस्याएँ सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं हैं बल्कि उन समस्याओं और समाज की व्यवस्था की जिम्मेदारी लेना असली नागरिकता है। नागरिक चेतना, सामाजिक संवेदनशीलता तथा मानवीय कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना इस नाटक का मुख्य संदेश रहा।

इंग्लिश प्ले- Legacy of India (भारत की विरासत) की प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि भारत की असली विरासत सिर्फ़ पुरानी इमारतों या राजनीतिक उपलब्धियों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह हज़ारों साल पुरानी एक ऐसी जीवन-दृष्टि है जो यहाँ के लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी और उनकी आत्मा में रची-बसी है। ईमानदारी से की गई मेहनत और इंसान का सम्मान ऐसी दौलत है जिसे खरीदा या बेचा नहीं जा सकता। आत्म सम्मान की भावना, कुशल कारीगरी और हुनर को महत्व देना सर्वोपरि बताया गया। भारत की असली विरासत को एक सक्रिय जीवन शक्ति और ऐतिहासिक घावों को भरने तथा दुनिया में सद्भाव को बढ़ावा देने के रूप में दर्शाया गया।

अभिव्यंजना सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यालय के सैकड़ो छात्र-छात्राओं ने विविध कार्यक्रमों की अद्भुत प्रस्तुति द्वारा सभी दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित किया और उपस्थित सैकड़ों दर्शकों ने उपर्युक्त सभी कार्यक्रमों की खूब सराहना की। इस अवसर पर मोहित यादव जी अध्यक्ष ग्रुप ऑफ सीएचएस, माननीय ब्रजमोहन जी प्रधानाचार्य बी एन एस डी इंटर कॉलेज, प्रांत प्रचारक श्री राम जी, विभाग प्रचारक बैरिस्टर जी, माननीय श्री नारायण जी नगर संघचालक दीनदयाल नगर, माननीय मोहन तिवारी जी जिला संघ चालक कानपुर, श्याम बाबू गुप्ता जी विभाग संघ चालक, आदित्य शंकर उपाध्यक्ष महामंडल आदि अतिथि कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जी राकेश राम त्रिपाठी जी ने समस्त छात्र-छात्राओं की विभिन्न प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कार्यक्रम में पधारे समस्त अतिथियों अभिभावकों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का प्रबंध समिति में स्वागत किया।

Read More »

कान्हा जी की जन्म भूमि मथुरा में शिक्षक सम्मानित, मिला एडुलीडर्स शिक्षक सम्मान

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर। अंतर्राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के सुअवसर पर मथुरा स्थित कृष्ण मोहन विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में कानपुर नगर की शिक्षिका अंजनी अग्रवाल को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए एडुलीडर्स शिक्षक रत्न सम्मान एवं कर्मयोगी सम्मान से नवाजा गया।ब्रज भूमि में आयोजित इस कार्यक्रम में उच्च प्राथमिक विद्यालय सेमरुआ सरसौल कानपुर नगर को सम्मानित किया गया।

शिक्षकों को यह सम्मान मथुरा जिला पंचायत अध्यक्ष, कृष्ण मोहन विश्वविद्यालय के कुलपति एवं बी एस ए रतन कीर्ति तथा अन्न पदाधिकारी की ओर से संयुक्त रूप से प्रदान किया गया।सम्मान समारोह के दौरान शिक्षिका के कार्यों की सराहना की गई

Read More »

दयानंद गर्ल्स कॉलेज में छात्राओं ने चलाया स्वच्छता अभियान

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर। दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, कानपुर में 17 से 31 अक्टूबर तक आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘नमो सेवा- स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के तहत स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में स्थित नोटिस बोर्ड की सफाई कर उसका सौंदर्यीकरण किया तथा परिसर को स्वच्छ और आकर्षक बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन नोडल अधिकारी प्रोफेसर पप्पी मिश्रा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संगीता सिरोही के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। अभियान में वाशिका, पूजा, सानिया, मयूरी, आर्या, अर्पिता, वैष्णवी, शिफा, तन्वी, एकता एवं कनिष्का सहित अन्य छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस पहल के माध्यम से छात्राओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई बनाए रखने तथा अपने परिवेश को सुंदर बनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शारीरिक शिक्षा विभाग की प्रभारी डॉ. कुमुदलता सिंह एवं कार्यालय अधीक्षक कृष्णेन्द्र श्रीवास्तव का सराहनीय योगदान रहा।

Read More »

कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए 7 अक्टूबर से ऑनलाइन बुकिंग

20 अक्टूबर तक मिलेगा आवेदन का मौका, किसानों को दूसरी बार अवसर*

दैनिक भारतीय स्वरूप कानपुर नगर, जिला सूचना कार्यालय उप कृषि निदेशक डॉ. आर.एस. वर्मा ने अवगत कराया कि कृषि विभाग द्वारा संचालित सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (SMAM) एवं प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू (CRM) योजनाओं के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया 07 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी।

उन्होंने बताया कि इच्छुक कृषक 20 अक्टूबर 2026 की रात 12 बजे तक विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध अवशेष कृषि यंत्रों के लिए ऑनलाइन बुकिंग/आवेदन कर सकते हैं। योजनाओं के तहत फार्म मशीनरी बैंक, कस्टम हायरिंग सेंटर, किसान ड्रोन, फसल अवशेष प्रबंधन से संबंधित कृषि यंत्रों सहित अन्य कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जाएगा।

आवेदन के लिए कृषक पंजीकरण में दर्ज मोबाइल नंबर के माध्यम से टोकन प्राप्त किया जा सकेगा। शासन के निर्देशों के अनुसार 10,001 रुपये से एक लाख रुपये तक अनुदान वाले कृषि यंत्रों के लिए 2,500 रुपये तथा एक लाख रुपये से अधिक अनुदान वाले कृषि यंत्रों के लिए 5,000 रुपये जमानत धनराशि निर्धारित की गई है। उप कृषि निदेशक ने कृषकों से अपील की है कि वे अपने विकासखंड में उपलब्ध लक्ष्यों के अनुसार निर्धारित अवधि में इच्छित कृषि यंत्र की ऑनलाइन बुकिंग कर योजना का लाभ उठाएं

Read More »

बेरोजगार युवाओं के लिए 12 से 23 अक्टूबर तक जनपद के विभिन्न विकास खण्डों में आयोजित होंगे भर्ती शिविर

दैनिक भारतीय स्वरूप जिला सूचना कार्यालय जिला विकास अधिकारी कानपुर के निर्देशन एवं जीडीएक्स सिक्योरिटी ग्रुप, परी चौक, नोएडा द्वारा जनपद कानपुर के विभिन्न विकास खण्डों में सुरक्षा जवान एवं सुपरवाइजर पदों पर भर्ती के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पंजीयन एवं चयन प्रक्रिया की जाएगी।

भर्ती के लिए सुरक्षा जवान पद हेतु अभ्यर्थी का 10वीं पास होना, आयु 18 से 45 वर्ष, न्यूनतम कद 168 सेंटीमीटर तथा वजन 55 किलोग्राम निर्धारित किया गया है। सुपरवाइजर पद के लिए स्नातक एवं कम्प्यूटर का ज्ञान तथा आयु 21 से 45 वर्ष निर्धारित है। चयन के लिए अभ्यर्थी को 10वीं की अंकतालिका एवं दो फोटो साथ लाना होगा। चयनित अभ्यर्थी से 250 रुपये पंजीयन फॉर्म शुल्क लिया जाएगा।

भर्ती शिविर 12 अक्टूबर को विकास खण्ड भीतरगांव, 13 अक्टूबर को बिधनू, 14 अक्टूबर को घाटमपुर, 15 अक्टूबर को पतारा, 16 अक्टूबर को सरसौल, 17 अक्टूबर को कल्याणपुर, 19 अक्टूबर को चौबेपुर, 21 अक्टूबर को शिवराजपुर, 22 अक्टूबर को बिल्हौर तथा 23 अक्टूबर को ककवन विकास खण्ड परिसर में आयोजित किए जाएंगे। सभी शिविरों का आयोजन सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक किया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी, जिसमें अन्य जनपदों के युवा भी शामिल हैं, निर्धारित तिथि को संबंधित विकास खण्ड परिसर में पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।

भर्ती अधिकारी राम किशन ने बताया कि चयनित युवाओं को परी चौक, नोएडा में 20 दिन का आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद कानपुर, लखनऊ, नोएडा एवं गुरुग्राम सहित विभिन्न स्थानों पर स्थायी रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 18,000 से 25,000 रुपये तक मासिक वेतन के साथ पीएफ, पेंशन, ग्रेच्युटी, बीमा, मेडिकल सुविधा, वार्षिक वेतन वृद्धि, पदोन्नति तथा आवास एवं मेस की रियायती दर पर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

अधिक जानकारी के लिए भर्ती अधिकारी राम किशन के मोबाइल नंबर 9667989993 एवं 9555736203 पर संपर्क किया जा सकता है।

Read More »