Breaking News

एस. एन. सेन बी. वी. पी. जी. कॉलेज एवं उजाला सिग्नस नोबल हॉस्पिटल, के संयुक्त तत्वाधान में निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर आयोजित

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर एस. एन. सेन बी. वी. पी. जी. कॉलेज, कानपुर की कांदोबिनी देवी राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के द्वितीय एक-दिवसीय शिविर के अंतर्गत उजाला सिग्नस नोबल हॉस्पिटल, कानपुर के कुशल चिकित्सकों की टीम एवं महाविद्यालय के रसायन शास्त्र विभाग के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्राओं, अभिभावकों एवं समाज के अन्य लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य जाँच एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराना था।

शिविर के प्रथम सत्र का शुभारंभ राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं द्वारा NSS गीत प्रस्तुत करके किया गया। इसके पश्चात प्राचार्य प्रो. सुमन, उपस्थित चिकित्सकों के द्वारा मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण किया गया | फिजिशियन डॉक्टर आर. के. तिवारी के निर्देशन में चिकित्सकों की टीम ने उपस्थित छात्राओं एवं अन्य आगंतुकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जाँच, नेत्र दृष्टि परीक्षण, बीएमडी (BMD) टेस्ट, रक्तचाप (BP), रैंडम ब्लड शुगर (RBS), रक्त में ऑक्सीजन के स्तर (SpO₂) एवं नाड़ी की जाँच के साथ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम की संयोजक एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्वेता रानी ने समुदाय के लोगों को स्वास्थ्य जाँच के महत्व से अवगत कराते हुए अधिकाधिक संख्या में शिविर में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।

शिविर के द्वितीय सत्र में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. सुमन ने स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं एवं अन्य आगंतुकों को नियमित स्वास्थ्य जाँच कराने, संतुलित आहार अपनाने तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान एवं उपचार कराने के लिए प्रेरित किया।

इस निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर में लगभग 200 छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षिकाओं, और अन्य कर्मचारियों ने स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया। शिविर के सफल आयोजन में रसायन शास्त्र विभागाध्यक्षा प्रो. गार्गी यादव, डॉ. संगीता सिंह, डॉ. अनामिका, डॉ. मोनिका शुक्ला एवं डॉ. प्रीता अवस्थी ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं अक्षिता शर्मा, इंदु पाल, आकांक्षा राठौर, मुस्कान सोनी, नेहा विश्वकर्मा, माही गुप्ता, दीक्षा शुक्ला, गौरांशी, ज्योति, अंजली चौहान, प्रिन्सि, अंशिका, खुशी, इंदु, अंजलि एवं अक्षिता का सराहनीय योगदान रहा। स्वयंसेविकाओं ने शिविर की व्यवस्थाओं, प्रतिभागियों के सहयोग तथा स्वास्थ्य जाँच के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।