Breaking News

नगर पंचायत बिठूर के अध्यक्ष पद के लिए उप निर्वाचन की समय-सारिणी जारी

18 से 24 सितम्बर तक दाखिल होंगे नामांकन, 13 अक्टूबर को मतदान एवं 15 अक्टूबर को होगी मतगणना*

दैनिक भारतीय स्वरूप कानपुर नगर। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) जितेन्द्र प्रताप सिंह ने अवगत कराया है कि उत्तर प्रदेश शासन के नगर विकास विभाग द्वारा दिए गए परामर्श के क्रम में भारत के संविधान के अनुच्छेद 243-यक के साथ पठित उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1916 की धारा 43-ग के अंतर्गत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश द्वारा नगर पंचायत बिठूर, जनपद कानपुर नगर के अध्यक्ष पद के रिक्त पद पर उप निर्वाचन कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। यह उप निर्वाचन मा० न्यायालय के किसी स्थगन आदेश से बाधित न होने की स्थिति में कराया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगर पंचायत बिठूर के अध्यक्ष पद का रिक्त पद अनारक्षित है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन पत्र 18 सितम्बर से 24 सितम्बर, 2026 तक पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक प्राप्त किए जाएंगे। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 25 सितम्बर, 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से कार्य की समाप्ति तक होगी। अभ्यर्थन वापस लेने की कार्यवाही 28 सितम्बर, 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक की जाएगी। अभ्यर्थियों को प्रतीक आवंटन 29 सितम्बर, 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से कार्य की समाप्ति तक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नगर पंचायत बिठूर के अध्यक्ष पद के लिए मतदान 13 अक्टूबर, 2026 को प्रातः 7 बजे से सायं 5 बजे तक कराया जाएगा। मतगणना 15 अक्टूबर, 2026 को प्रातः 8 बजे से कार्य की समाप्ति तक होगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा 18 सितम्बर, 2026 को उप निर्वाचन की सार्वजनिक सूचना जारी की जाएगी तथा सूचना जारी होने के दिन से नामांकन पत्रों का विक्रय किया जाएगा। नामांकन पत्र प्राप्त करने, उनकी संवीक्षा, अभ्यर्थन वापसी, प्रतीक आवंटन तथा मतगणना की कार्यवाही संबंधित रिटर्निंग अधिकारी/सहायक रिटर्निंग अधिकारी द्वारा नगर पंचायत बिठूर कार्यालय से संपन्न कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय), संबंधित रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी निर्वाचन कार्यक्रम का प्रमुख स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशन कराने के साथ ही व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करेंगे। जनसामान्य की जानकारी के लिए संबंधित कार्यालयों तथा नगर पंचायत बिठूर के मुख्यालय के सूचना पट्ट पर भी सार्वजनिक सूचना प्रदर्शित कराई जाएगी।

यह उप निर्वाचन उत्तर प्रदेश नगर पालिका (सदस्यों, पार्षदों, अध्यक्षों और महापौरों का निर्वाचन) नियमावली, 2010 के प्रावधानों के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे तथा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन संबंधी कार्यवाही संपन्न की जाएगी।