राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधि FLC प्रक्रिया का कर सकेंगे अवलोकन
दैनिक भारतीय स्वरूप (जिला सूचना कार्यालय कानपुर नगर) जिला निर्वाचन अधिकारी, कानपुर नगर जितेन्द्र प्रताप सिंह ने अवगत कराया है कि प्रत्येक निर्वाचन से पूर्व निर्वाचन में प्रयुक्त की जाने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) एवं वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) की प्रथम स्तरीय जाँच (FLC) संबंधित निर्माता कंपनी के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में कराई जाती है। FLC में जाँच एवं परीक्षण के उपरांत उत्तीर्ण EVM एवं VVPAT का ही निर्वाचन में उपयोग किया जाता है। FLC की विस्तृत प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी Manual on Electronic Voting Machine में निर्धारित है।
उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में उपयोग की जाने वाली EVM एवं VVPAT की प्रथम स्तरीय जाँच भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) एवं इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECIL) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा 17 सितंबर, 2026 से कार्य पूर्ण होने तक ईवीएम वेयरहाउस, सरसैया घाट, सिविल लाइंस, कानपुर नगर में की जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग के वर्तमान दिशा-निर्देशों के अनुरूप FLC के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि FLC की पूरी प्रक्रिया की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ-साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं भारत निर्वाचन आयोग के स्तर से भी की जाती है। प्रक्रिया में निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय पर राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को 15 सितंबर, 2026 को लिखित रूप से अनुरोध भेजकर FLC की निर्धारित अवधि के दौरान प्रक्रिया के अवलोकन के लिए अपने अधिकृत प्रतिनिधियों को नामित करने को कहा गया है। संबंधित अनुरोध पत्र की प्राप्ति की पुष्टि राजनीतिक दलों के राज्य मुख्यालयों द्वारा भी की जा चुकी है।
भारतीय स्वरुप दैनिक ई-पेपर