Breaking News

भारत की राष्ट्रपति ने उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन- 2023 के समापन सत्र को संबोधित किया

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज (12 फरवरी, 2023) लखनऊ में उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन- 2023 के समापन सत्र को संबोधित किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें इसकी प्रसन्नता है कि उनकी उत्तर प्रदेश की यात्रा राज्य के विकास के इस महान उत्सव के अवसर पर हो रही है।

राष्ट्रपति ने कहा कि जनसंख्या के लिहाज से देश का सबसे बड़ा राज्य होने के अलावा उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था में योगदान करने की दृष्टि से कई क्षेत्रों में पहले स्थान पर है। उत्तर प्रदेश गेहूं सहित कुल खाद्यान्न उत्पादन में भारत में पहले पायदान पर है। इसके अलावा गन्ना और आलू के उत्पादन में भी यह देश में पहले स्थान पर है। वहीं, आम और मटर के उत्पादन में भी इस राज्य का सबसे अधिक योगदान है। इसी तरह दुग्ध उत्पादन में उत्तर प्रदेश अग्रणी है। कृषि उत्पादों में समृद्ध होने के कारण, उत्तर प्रदेश में कृषि आधारित उद्यमों के लिए काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने इस पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की कि इस शिखर सम्मेलन के दौरान ‘भारत की खाद्य टोकरी का लाभ उठाना: खाद्य प्रसंस्करण के लिए अवसर’ और ‘डेयरी और पशुपालन क्षेत्र में अवसरों को खोलना’ पर सत्र आयोजित किए गए।

उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि राजनीतिक स्थिरता और प्रशासन की निरंतरता निवेशकों के लिए काफी सहायक सिद्ध होती है। राष्ट्रपति ने आगे कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में एक स्थिर और निर्णय लेने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने दूरदर्शी नीतियों की परिकल्पना की है और उन्हें लागू किया है। इसके परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश नए भारत के विकास इंजन की भूमिका निभाने में सक्षम और तैयार है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन के माध्यम से उत्तर प्रदेश में लगभग 35.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है, जिससे लाखों लोगों को रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।

राष्ट्रपति ने बताया कि उत्तर प्रदेश में लगभग 95 लाख एमएसएमई हैं। देश के किसी एक राज्य में यह संख्या में सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि देश के उद्योगों का आधार होने के अलावा एमएसएमई, कृषि क्षेत्र के बाद सबसे अधिक रोजगार के अवसर भी प्रदान करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश का एमएसएमई क्षेत्र भारत के आर्थिक विकास में एक प्रमुख भूमिका निभाएगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि यह प्रसन्नता का विषय है कि भारत को पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने में उत्तर प्रदेश ने खुद को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का संकल्प लिया है। उत्तर प्रदेश भारत की अर्थव्यवस्था के पांचवें हिस्से में अपना योगदान देगा। उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के प्रयासों से आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी मजबूती मिलेगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में रक्षा गलियारे के विकास से भारत की रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। इससे निवेश भी आएगा और रोजगार भी सृजित होंगे।

राष्ट्रपति ने कहा कि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार विभिन्न प्रयास कर रही है। राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन के तहत नवीकरणीय ऊर्जा के विकास, हरित ऊर्जा गलियारे और ऊर्जा रूपांतरण जैसे प्रयासों से भारत को शुद्ध शून्य उत्सर्जन के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि निवेश के बढ़ते वातावरण में स्वरोजगार की संस्कृति को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने इसका उल्लेख किया कि उत्तर प्रदेश में स्टार्ट-अप क्रांति के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रयासों से उत्तर प्रदेश स्वरोजगार के क्षेत्र में भी अग्रणी स्थान प्राप्त करेगा।

राष्ट्रपति ने उत्तर प्रदेश को एक पसंदीदा निवेश गंतव्य बनाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश ‘सर्वश्रेष्ठ निवेश राज्य’ के रूप में वैश्विक प्रतिष्ठा प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश ज्यादा समृद्ध होगा, तो भारत भी अधिक समृद्ध होगा।

Read More »

भव्य समारोह आयोजित कर ‘कन्यादान सेवा संस्थान’ ने करवाया निर्धन कन्याओं का विवाह

कानपुरः अवनीश सिंह। समाजसेवी संस्था कन्यादान सेवा संस्थान के तत्वावधान में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ उद्देश्य को पूरा करने के साथ-साथ उनका जीवन संवारने की दिशा में एक अभियान के तहत भव्य कार्यक्रम आयोजित करते हुए 6 कन्याओं का विवाह कराते हुए समाज के प्रति अपने कर्तव्य को लेकर एक सजग प्रहरी के रूप में एक उदाहरण पेश किया है। विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी 6 कन्याओं का विवाह कार्यक्रम बर्रा-8 स्थित चौधरी राम गोपाल यादव चौराहा में आयोजित किया। सामूहिक विवाह कार्यक्रम की रौनक देखने लायक रही जिसमें 6 दूल्हे घोड़ी में सवार होकर एक साथ बारात लेकर कार्यक्रम स्थल की तरफ बढ़ते हुए जा रहे थे। इस दौरान संस्थान के सदस्यों के साथ साथ वहां से गुजर रहे राहगीरों व क्षेत्रीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया व दूल्हा और दुल्हन को शुभकामनाएं भी दी।

Read More »

इंजीनियर बेटे की तलाश में बुजुर्ग दंपत्ति 4 माह से लगा रहा उच्चाधिकारियों की चौखट के चक्कर

कानपुरः  यूं तो प्रदेश सरकार, कानून व्यवस्था के नाम पर अपनी पीठ थपथपाते नहीं थकती है किन्तु कुछ ऐसे मामले प्रकाश में आ ही जाते हैं जिससे सवालिया निशान लगना लाजिमी है। ऐसा ही एक मामला प्रकाश में आया है और यह मामला है कानपुर पुलिस कमिश्नरेट अन्तर्गत का। जहां पुलिस के लचीले रवैए से परेशान एक बुजुर्ग दंपत्ति पुलिस अधिकारियों की चौखट के चक्कर लगा रहा है और अपने बेटे की तलाश में धक्के खाता फिर रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, बर्रा 8 में रहने वाले 65 वर्षीय जगदीश नारायण सचान रिटायर्ड बैंक कर्मी है। सचान के अनुसार उनका इकलौता बेटा सुमित सचान जो कि गुड़गाव में एमएनसी कंपनी में बतौर इंजीनियर पद पर कार्यरत था, कानपुर स्थित घर से रहकर कंपनी का कार्य कर रहा था। वह 4 माह पूर्व से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब है। सचान के अनुसार, 1 अक्टूबर की शाम 7 बजे सुमित अपने परिजनों को अपने दोस्तों के साथ जाने की बात कह कर निकला था रात करीब 2 बजे तक घर वालों से बात होती रही उसने बताया कि वह अपने मित्र दीपेंद्र के साथ है। सुबह जब सुमित घर नही लौटा उनको चिंता हुई। करीब 8 बजे बेटे के मित्र सिद्धार्थ के पिता ने घर पर बताया कि सुमित व उसके मित्र सिद्धार्थ की भैरवघाट में डूब गए हैं।

Read More »

इलेक्ट्रानिक एंड प्रिंट मीडिया एसोसिएशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जिले की टीम के साथ की चर्चा

रायबरेली। इलेक्ट्रानिक एंड प्रिंट मीडिया एसोसिएशन की बैठक व सम्मान समारोह नगर के महावीर होटल की सभागार में सम्पन्न हुआ। बताते चलें कि बीते दिन एसोसिएशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव देवी पाल व प्रदेश अध्यक्ष अंकित पाल साथ ही प्रदेश सचिव प्रीती पाल का महावीर होटल में जिलाध्यक्ष राम मिलन शर्मा की अगुवाई में भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मैं पत्रकारों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष कर रही हूं और आगे भी करती रहूंगी। जिला टीम से साथ देने की अपील की। जिला टीम की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया।साथ ही ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष चंद्रेश त्रिवेदी, वरिष्ठ सलाहकार राजकुमार शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष प्राची सविता व एसोसिएशन के जिला संरक्षक वाई.पी. सिंह को भी माल्यार्पण कर व अंग वस्त्र से सम्मानित किया गया। संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री विनीत सिंह द्वारा एसोसिएशन को लैपटाप भेंट किया गया। इस मौके पर विनीत सविता, देवदत्त,इमरान,अनिल कुमार, प्रवीण कुमार,विमल कुमार, अनुभव, मनीष कुमार, राजन शर्मा, राजेंद्र कुमार शर्मा,विनीत द्विवेदी,धर्मेंद्र कुमार, गोविंद सिंह, नीतेश सिंह, राकेश कुमार गुप्ता, अनिल कुमार गुप्ता, अवधेश कुमार प्रजापति, ज्योति साहू व रवि शंकर सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन युवा पत्रकार जितेंद्र सविता व कवि वाई.पी. सिंह ने किया।

Read More »

प्रधानमंत्री ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस में मुंबई-सोलापुर वंदे भारत और मुंबई-साईंनगर शिरडी वंदे भारत को झंडी दिखाकर रवाना किया

प्रधानमंत्री मोदी ने आज मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस में दो वंदे भारत ट्रेनों को झंडी दिखाकर रवाना किया। ये दो ट्रेनें हैं- मुंबई-सोलापुर वंदे भारत और मुंबई-साईंनगर शिरडी वंदे भारत। उन्होंने मुंबई में सड़क यातायात की भीड़ को कम करने और वाहनों की आवाजाही को सुव्यवस्थित करने के लिए दो सड़क परियोजनाओं- सांताक्रूज चेंबूर लिंक रोड और कुरार अंडरपास परियोजना- को भी राष्ट्र को समर्पित किया।

छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के प्लेटफार्म नं. 18 पर आने के बाद, प्रधानमंत्री ने मुंबई-साईंनगर शिरडी वंदे भारत का निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रेन के चालक दल और कोच के अंदर बैठे बच्चों से बातचीत भी की।

सभा को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि यह भारत में रेलवे, विशेष रूप से महाराष्ट्र में उन्नत रेल-संपर्क के लिए एक बहुत महत्वपूर्ण दिन है, क्योंकि पहली बार दो वंदे भारत ट्रेनों को एक ही दिन हरी झंडी दिखाई गई है। उन्होंने रेखांकित किया कि ये वंदे भारत ट्रेनें मुंबई और पुणे जैसे आर्थिक केंद्रों को आस्था के केंद्रों से जोड़ेंगी, जिससे कॉलेज,    कार्यालय, व्यवसाय, तीर्थ यात्रा और कृषि उद्देश्यों के लिए यात्रा करने वालों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि नई वंदे भारत ट्रेनों से शिरडी, नासिक, त्र्यंबकेश्वर और पंचवटी जैसे पवित्र स्थानों की यात्रा आसान हो जाएगी, जिससे पर्यटन के साथ-साथ तीर्थाटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा, “सोलापुर वंदे भारत एक्सप्रेस से पंढरपुर, सोलापुर, अक्कलकोट और तुलजापुर की तीर्थ यात्रा और भी अधिक आसान हो जायेगी।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन आधुनिक भारत की भव्य तस्वीर है। “ये भारत की गति और पैमाने का प्रतिबिंब है।” वंदे भारत ट्रेनों को लॉन्च करने की गति के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि अब तक देश के 17 राज्यों के 108 जिलों को जोड़ने वाली 10 वंदे भारत ट्रेनों का परिचालन शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि आज शुरू की जा रही विभिन्न परियोजनाएं, जीवन को और आसान बनाएंगी। उन्होंने कहा कि ऊपरी सड़कें (एलिवेटेड रोड) पूर्वी और पश्चिमी उपनगरीय क्षेत्रों तथा अंडरपास को जोड़ेंगी, जो महत्वपूर्ण है।

प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी के भारत के लिए सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने की जरूरत को दोहराया क्योंकि इससे नागरिकों का जीवन-यापन व्यापक रूप से आसान होगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक ट्रेनों की शुरुआत, मेट्रो के विस्तार और नए हवाई अड्डों एवं बंदरगाहों के निर्माण के पीछे यही सोच है। बजट भी इस सोच को मजबूत करता है क्योंकि पहली बार बुनियादी ढांचे के विकास के लिए विशेष रूप से 10 लाख करोड़ आवंटित किए गए हैं। इसमें रेलवे की हिस्सेदारी 2.5 लाख करोड़ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि रेल बजट में महाराष्ट्र के लिए आवंटन में भी अभूतपूर्व वृद्धि हुई है और उम्मीद जताई कि डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से महाराष्ट्र में कनेक्टिविटी में और तेजी से विस्तार होगा।

प्रधानमंत्री ने कहा, “इस साल के बजट से मध्यम वर्ग मजबूत हुआ है।” उन्होंने इस तथ्य को रेखांकित किया कि इस वर्ष के बजट में वेतनभोगी और व्यवसाय करने वाले, दोनों वर्गों की जरूरतों का ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले दो लाख रुपये से अधिक आय वाले लोगों पर कर लगाया जाता था, लेकिन यह वर्तमान सरकार ही है जिसने शुरुआत में इस सीमा को बढ़ाकर पांच लाख रुपये और अब इस साल के बजट में सात लाख रुपये कर दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा, “जिन लोगों को यूपीए सरकार के दौर में 20 प्रतिशत कर देना पड़ता था, उन्हें आज कोई कर नहीं देना पड़ता है।” उन्होंने इस तथ्य पर भी प्रकाश डाला कि नई नौकरियों वाले लोगों के पास अब और अधिक बचत करने का अवसर है।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन का समापन करते हुए यह विश्वास व्यक्त किया कि ‘सबका विकास सबका प्रयास’ की भावना को बढ़ावा देने वाला यह बजट हर परिवार को ताकत देगा और सभी को एक विकसित भारत बनाने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

महाराष्ट्र के राज्यपाल श्री भगत सिंह कोश्यारी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस, केन्द्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव, केन्द्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री नारायण राणे, केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री रामदास अठावले एवं श्री कपिल मोरेश्वर पाटील और महाराष्ट्र सरकार के मंत्रीगण सहित कई गणमान्य लोग इस अवसर पर उपस्थित थे।

पृष्ठभूमि

मुंबई-सोलापुर वंदे भारत ट्रेन और मुंबई-साईंनगर शिरडी वंदे भारत ट्रेन दो ऐसी ट्रेनें हैं जिन्हें प्रधानमंत्री ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह नए भारत के लिए बेहतर, अधिक कुशल और यात्रियों की जरूरतों के अनुकूल परिवहन से संबंधित बुनियादी ढांचे के निर्माण के प्रधानमंत्री के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

मुंबई-सोलापुर वंदे भारत ट्रेन देश की नौवीं वंदे भारत ट्रेन होगी। यह नई विश्वस्तरीय ट्रेन मुंबई और सोलापुर के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर करेगी और सोलापुर में सिद्धेश्वर, सोलापुर के निकट अक्कलकोट, तुलजापुर, पंढरपुर और पुणे के निकट आलंदी जैसे महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों की यात्रा को भी सुविधाजनक बनाएगी।

मुंबई-साईनगर शिरडी वंदे भारत, जोकि देश की दसवीं वंदे भारत ट्रेन है, महाराष्ट्र के नासिक, त्र्यंबकेश्वर, साईंनगर शिरडी और शनि सिंगनापुर जैसे महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों के साथ कनेक्टिविटी को बेहतर करेगी।

मुंबई में सड़क यातायात की भीड़ को कम करने और वाहनों की आवाजाही को सुव्यवस्थित करने के लिए, प्रधानमंत्री ने सांताक्रूज चेंबूर लिंक रोड (एससीएलआर) और कुरार अंडरपास को राष्ट्र को समर्पित किया। कुर्ला से वकोला तक और कुर्ला में एमटीएनएल जंक्शन, बीकेसी से एलबीएस फ्लाईओवर तक जाने वाला यह नवनिर्मित एलिवेटेड कॉरिडोर शहर में पूर्व-पश्चिम कनेक्टिविटी को उन्नत करेगा। यह सड़क वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे को ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे से जोड़ेगी जिससे पूर्वी और पश्चिमी उपनगर कारगर तरीके से आपस में जुड़ेंगे। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे (डब्ल्यूईएच) पर यातायात को आसान बनाने की दृष्टि से कुरार अंडरपास बेहद महत्वपूर्ण है, जोकि डब्ल्यूईएच के मलाड और कुरार की ओर वाले हिस्से को जोड़ता है। यह लोगों को आसानी से सड़क पार करने और साथ ही वाहनों को डब्ल्यूईएच पर भारी ट्रैफिक में फंसे बिना चलने की सुविधा देता है।

Read More »

तीसरी तिमाही में नालको का लाभ दूसरी तिमाही की तुलना में 61 फीसदी बढ़ा

खान मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र की नवरत्न कंपनी नेशनल एल्युमीनियम कंपनी लिमिटेड (नालको) ने दिसंबर, 2022 को समाप्त तीसरी तिमाही के लिए अपने वित्तीय परिणामों की घोषणा की है। वित्तीय वर्ष 2022-23 की तीसरी तिमाही के वित्तीय परिणामों की समीक्षा के लिए ओडिशा के भुवनेश्वर में बोर्ड की एक बैठक आयोजित की गई। इसके अनुसार नालको ने चालू वित्तीय वर्ष की तीसरी तिमाही में 274 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त किया है। इससे पहले दूसरी तिमाही में यह आंकड़ा 170 करोड़ रुपये था।

वहीं, तीसरी तिमाही में कंपनी ने 3290 करोड़ रुपये की शुद्ध बिक्री की। इस दौरान एल्युमिना की कम बिक्री, उच्च इनपुट लागत के साथ-साथ वैश्विक चुनौतीपूर्ण व्यापार परिदृश्य और अस्थिरता ने लाभ मार्जिन को प्रभावित किया। इन बातों के बावजूद कंपनी ने सभी मोर्चों पर उत्पादन में मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की है।

नालको के सीएमडी श्री श्रीधर पात्रा ने कहा कि मंदी की अवधि से उबरने में नालको की परिचालन दक्षता और टीम वर्क ने एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने आगे बताया कि वैश्विक स्तर पर एल्युमीनियम की कीमतों में बढ़ोतरी व उच्च उत्पादन मात्रा निश्चित रूप से आने वाली तिमाहियों में लाभ मार्जिन में वृद्धि करेगी और समग्र वित्तीय वर्ष 2022-23 के परिणामों में चौथी तिमाही अपना महत्वपूर्ण योगदान देगी।

Read More »

गडकरी ने कहा, ‘उत्तर प्रदेश में फ्लेक्स हाइब्रिड वाहनों के बाजार के लिए अपार संभावनाएं हैं’

 केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आज लखनऊ में यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्य के परिवहन मंत्री  दयाशंकर सिंह, नीति आयोग के सीईओ  परमेश्वरन अय्यर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में ‘ई-मोबिलिटी, वाहन और भविष्य की गतिशीलता’ विषय पर आयोजित सत्र को संबोधित किया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/WhatsAppImage2023-02-11at6.30.20PMLQI8.jpeg

श्री गडकरी ने कहा कि भारत में कुल पंजीकृत इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) में से 25 प्रतिशत ईवी उत्तर प्रदेश में ही पंजीकृत होने को देखते हुए उत्तर प्रदेश में फ्लेक्स हाइब्रिड वाहन बाजार के लिए अपार संभावनाएं हैं। कानपुर, लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ जैसे शहर ई-वाहनों या इलेक्ट्रिक वाहनों एवं लिथियम बैटरियों के प्रमुख विनिर्माण केंद्र बनते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फि‍लहाल इस राज्य के अंदर 740 इलेक्ट्रिक बसें चलती हैं जिनकी संख्‍या जल्द ही बढ़कर 5000 हो जाएगी। मंत्री महोदय ने कहा कि सरकार इस राज्य में प्रत्येक 150 किमी दूरी पर स्क्रैपिंग सेंटर और वाहन फिटनेस सेंटर स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश इथेनॉल का सबसे बड़ा उत्पादक है और इसके साथ ही प्राथमिकता के आधार पर दूसरी पीढ़ी का अपेक्षाकृत कम कार्बन वाला इथेनॉल विकसित किया जा रहा है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/WhatsAppImage2023-02-11at6.30.20PM(2)2LXE.jpeg

किसानों को ‘अन्नदाता’ के साथ-साथ ‘ऊर्जादाता’ भी बताते हुए श्री गडकरी ने कहा कि नया भारत हमेशा स्वदेश में ही निर्माण करने को काफी बढ़ावा देता है जो सुरक्षित, पुनर्चक्रण योग्य एवं टिकाऊ या सतत होता है, और इसके साथ ही गतिशीलता के क्षेत्र में हरित ऊर्जा और हरित अर्थव्यवस्था के लिए व्‍यापक गुंजाइश सुनिश्चित करता है।

Read More »

प्रधानमंत्री ने इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजियोथेरेपिस्ट के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित किया

इस अवसर पर अपने संबोधन में, प्रधानमंत्री ने फिजियोथेरेपिस्ट के महत्व को सांत्वना, आशा, सौम्यता और पुनर्स्वास्थ्य लाभ के प्रतीक के रूप में स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि एक फिजियोथेरेपिस्ट न केवल शारीरिक चोट का इलाज करता है बल्कि रोगी को मनोवैज्ञानिक चुनौती से निपटने का साहस भी देता है।

प्रधानमंत्री ने फिजियोथेरेपिस्ट पेशे की व्यावसायिकता की सराहना करते हुए कहा कि शासन की भावना के अनुरूप कैसे उनमें आवश्यकता के समय सहायता प्रदान करने की समान भावना अंतर्निहित होती है। उन्होंने कहा कि बैंक खाते, शौचालय, नल का पानी, निःशुल्क चिकित्सा उपचार और सामाजिक सुरक्षा तंत्र के निर्माण जैसी बुनियादी जरूरतों के प्रावधान में सहायता के साथ, देश का गरीब और मध्यम वर्ग अब अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने दुनिया को दिखा दिया है कि वे अपनी क्षमता से नई ऊंचाइयों तक पहुंचने में सक्षम हैं।

इसी तरह, उन्होंने रोगी में आत्मनिर्भरता का भाव सुनिश्चित करने वाले इस पेशे की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत भी आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह पेशा ‘सबका प्रयास’ का भी प्रतीक है क्योंकि रोगी और चिकित्सक दोनों को समस्या पर काम करने की जरूरत है और यह स्वच्छ भारत और बेटी बचाओ जैसी कई योजनाओं और जन आंदोलन में परिलक्षित होता है।

प्रधानमंत्री ने फिजियोथेरेपी की भावना को रेखांकित किया जिसमें सामजस्यता, निरंतरता और दृढ़ विश्वास जैसे कई महत्वपूर्ण संदेश हैं जो शासन की नीतियों के लिए भी महत्वपूर्ण हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव में, फिजियोथेरेपिस्ट को एक पेशे के रूप में बहुप्रतीक्षित मान्यता मिली, क्योंकि सरकार संबद्ध और स्वास्थ्य देखभाल पेशेवर विधेयक के लिए राष्ट्रीय आयोग लेकर आई, जो देश की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में फिजियोथेरेपिस्ट के योगदान को मान्यता देता है। श्री मोदी ने कहा कि इससे आप सभी के लिए भारत के साथ-साथ विदेशों में भी काम करना आसान हो गया है। सरकार ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन नेटवर्क में फिजियोथेरेपिस्ट को भी जोड़ा है। इससे आपके लिए रोगियों तक पहुंचना आसान हो गया है। प्रधानमंत्री ने फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया के वातावरण में फिजियोथेरेपिस्ट के लिए बढ़ते अवसरों की भी चर्चा की।

प्रधानमंत्री ने फिजियोथेरेपिस्ट से लोगों को उचित मुद्रा, सही आदतें, सटीक व्यायाम के बारे में शिक्षित करने के कार्य को अपनाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यह जरूरी है कि लोग फिटनेस को लेकर सही दृष्टिकोण अपनाएं। उन्होंने कहा कि आप इसे लेख लिखने और व्याख्यान देने के माध्यम से कर सकते हैं और मेरे युवा मित्र इसे रील्स के माध्यम से भी दिखा सकते हैं।

फिजियोथेरेपी के अपने व्यक्तिगत अनुभव का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरा अनुभव है कि जब योग की विशेषज्ञता को फिजियोथेरेपिस्ट के साथ जोड़ा जाता है तो इसकी शक्ति कई गुना बढ़ जाती है। शरीर की सामान्य समस्याएं, जिनमें अक्सर फिजियोथेरेपी की जरूरत पड़ती है, कई बार योग से भी दूर हो जाती हैं। इसलिए आपको फिजियोथेरेपी के साथ-साथ योग भी जरूर जानना चाहिए। यह आपकी पेशेवर क्षमता को बढ़ाएगा।

फिजियोथेरेपी पेशे का एक बड़े हिस्से के वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े होने को देखते हुए, प्रधानमंत्री ने अनुभव और सरल-कौशल की आवश्यकता पर बल दिया और पेशेवरों से दस्तावेजों को सहेजते हुए उन्हें दुनिया के सामने अकादमिक दस्तावेज प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रस्तुत करने को कहा।

श्री मोदी ने इस क्षेत्र के विशेषज्ञों से वीडियो परामर्श और टेली-मेडिसिन के तरीके विकसित करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यह तुर्की में भूकंप जैसी स्थितियों में उपयोगी हो सकता है जहां बड़ी संख्या में फिजियोथेरेपिस्ट की जरूरत होती है और भारतीय फिजियोथेरेपिस्ट मोबाइल फोन के माध्यम से वहां मदद कर सकते हैं और फिजियोथेरेपिस्ट एसोसिएशन को इस दिशा में विचार करने को कहा। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के समापन पर कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि आप जैसे विशेषज्ञों के नेतृत्व में, भारत फिट भी होगा और सुपर हिट भी होगा।

Read More »

10.02.2023 तक वित्तीय वर्ष 2022-23 में प्रत्यक्ष कर संग्रह ₹15.67 लाख करोड़ रहा जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के सकल संग्रह से 24.09% अधिक है

10 फरवरी, 2023 तक प्रत्यक्ष कर संग्रह के अस्थायी आंकड़ों में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। 10 फरवरी, 2023 तक प्रत्यक्ष कर संग्रह दर्शाता है कि सकल संग्रह 15.67 लाख करोड़ रुपये हो गया है जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के सकल संग्रह से 24.09% अधिक है। प्रत्यक्ष कर संग्रह, रिफंड का शुद्ध 12.98 लाख करोड़ रुपये है जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के शुद्ध संग्रह से 18.40% अधिक है। यह संग्रह वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए प्रत्यक्ष करों के कुल बजट अनुमानों का 91.39% है और वित्त वर्ष 2022-23 के लिए प्रत्यक्ष करों के संशोधित अनुमानों का 78.65% है।

जहां तक सकल राजस्व संग्रह के संदर्भ में कॉर्पोरेट आयकर (सीआईटी) और व्यक्तिगत आयकर (पीआईटी) की वृद्धि दर का संबंध है,सीआईटी के लिए विकास दर 19.33% है जबकि पीआईटी (एसटीटी सहित) के लिए 29.63% है। रिफंड के समायोजन के बाद, सीआईटी संग्रह में शुद्ध वृद्धि 15.84% है और पीआईटी संग्रह में 21.93% (केवल पीआईटी)/21.23% (एसटीटी सहित पीआईटी) है।

1 अप्रैल, 2022 से 10 फरवरी, 2023 के दौरान 2.69 लाख करोड़ रुपये की राशि का रिफंड जारी किया गया है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के दौरान जारी किए गए रिफंड से 61.58% अधिक है।

Read More »

प्रधानमंत्री 12 फरवरी को महर्षि दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में साल भर चलने वाले समारोह का उद्घाटन करेंगे

प्रधानमंत्री  मोदी 12 फरवरी, 2023 को सुबह 11 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में महर्षि दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में साल भर चलने वाले समारोह का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर, प्रधानमंत्री उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे।

महर्षि दयानंद सरस्वती, जिनका जन्म 12 फरवरी 1824 को हुआ था, एक समाज सुधारक थे। उन्होंने 1875 में तत्कालीन सामाजिक असमानताओं से निपटने के लिए आर्य समाज की स्थापना की थी। आर्य समाज ने सामाजिक सुधारों और शिक्षा पर जोर देकर देश की सांस्कृतिक एवं सामाजिक जागृति में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

सरकार समाज सुधारकों और महत्वपूर्ण हस्तियों, विशेष रूप से उन लोगों को सम्मानित करने के लिए प्रतिबद्ध है जिनके योगदानों को अभी तक अखिल भारतीय स्तर पर उपयुक्त श्रेय नहीं दिया गया है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करने से लेकर श्री अरबिंदो की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने तक, इस तरह की पहल का नेतृत्व प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आगे बढ़कर कर रहे हैं।

Read More »