भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर, 31 अक्टूबर। दयानंद गर्ल्स पीजी कॉलेज, कानपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को सुदृढ़ करना था।कार्यक्रम में लगभग 100 छात्राओं ने प्रतिभागिता करते हुए राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के महत्व को समझा। इस अवसर पर डॉ अंजना श्रीवास्तव ने छात्राओं को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान से परिचित कराया गया। डॉ विमला देवी ने बताया कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता एवं कुशल नेतृत्व के माध्यम से देश की रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संगीता सिरोही ने छात्राओं को राष्ट्रीय एकता दिवस की प्रासंगिकता से अवगत कराते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने छात्राओं को जाति, धर्म, भाषा एवं क्षेत्र से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय प्राचार्या प्रो. वंदना निगम एवं निदेशक प्रो. अर्चना वर्मा के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में कार्यालय अधीक्षक कृष्णेन्द्र श्रीवास्तव, डॉ. विनिता श्रीवास्तव एवं एनएसएस समिति सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
भारतीय स्वरुप दैनिक ई-पेपर