Breaking News

कानपुर

कोविड के दौरान अपने माता-पिता खोने वाले बच्चों को डीएम ने दिया दीपावली का उपहार

*दीपावली पर जिलाधिकारी बने अभिभावक, 22 मासूमों संग साझा कीं खुशियाँ*

कानपुर नगर, 17 अक्तूबर। कलेक्ट्रेट सभागार शुक्रवार को दीपावली के दीपों से ज़्यादा उन नन्हीं आँखों की चमक से रोशन था, जिन्होंने कोविड महामारी में अपने माता पिता दोनों को खो दिया। गम के अंधेरे से गुज़र चुके इन बच्चों के चेहरों पर एक खास मुस्कान थी, जब जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने उन्हें मिठाई, दीया-बत्ती, चॉकलेट और किताबें भेंट कीं और कहा कि एक अभिभावक के रूप में वे हर पल उनके साथ खड़े हैं।

जिलाधिकारी ने बच्चों से कहा कि वे उनके जैविक पिता नहीं हैं लेकिन एक जिलाधिकारी के रूप में उनके वैधानिक अभिभावक हैं और उनकी देखभाल अभिभावक की तरह करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कोई भी बच्चा खुद को अकेला महसूस न करे, प्रशासन और सरकार हर पल उनके साथ है।

संवाद के दौरान बच्चों ने अपने सपनों को साझा किया। किसी ने डॉक्टर बनने की इच्छा जताई, किसी ने इंजीनियर या चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का लक्ष्य रखा। कुछ बच्चों ने एथलीट बनने का सपना बताया तो कई ने आईएएस और आईपीएस बनकर देश की सेवा करने का संकल्प लिया। जिलाधिकारी ने बच्चों को करियर काउंसलिंग दी और समझाया कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और धैर्य से कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित किया कि वे अपने लक्ष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।

कक्षा दसवीं की छात्रा गरिमा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वजह से उनके सपने ज़िंदा हैं। योजनाओं से मिलने वाली मदद से पढ़ाई बेहतर तरीके से हो रही है। उन्होंने कहा कि दीपावली को खास बनाने के लिए जिलाधिकारी का आभार है। सिंधुजा यादव ने कहा कि इस आयोजन से उन्हें यह एहसास हुआ कि वे अकेली नहीं हैं। समाज और प्रशासन हर कदम पर उनका संबल बने हुए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत शून्य से अठारह वर्ष की आयु तक के बच्चों को प्रतिमाह चार हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। तेईस वर्ष की आयु पूरी होने पर उन्हें दस लाख रुपये की एकमुश्त धनराशि मिलेगी जिससे उनकी उच्च शिक्षा और जीवन की राह आसान होगी। सभी बच्चों को आयुष्मान भारत योजना से पाँच लाख रुपये का स्वास्थ्य कवरेज उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त लैपटॉप और टैबलेट भी वितरित किए गए हैं, ताकि पढ़ाई में किसी तरह की बाधा न आए।

जिन बच्चों को इस अवसर पर सम्मानित किया गया उनमें परिधि श्रीवास्तव, अद्वित मिश्रा, आराध्या मिश्रा, बबीता कपूर, सतीश कपूर, उत्कर्ष त्रिपाठी, वैष्णवी गुप्ता, अमन गुप्ता, नैतिक चड्ढा, परी मिश्रा, खुशी मिश्रा, रिद्धिमा कपूर, इशिता गुप्ता, तनिष्क गुप्ता, मानविक त्रिवेदी, अभिनव सिंह, गरिमा सिंह, अश्वनी कुमार, सिंधुजा यादव, संध्या, दिव्या और झलक शामिल हैं।

डीएम ने बच्चों के साथ आए परिजनों का आभार जताया और कहा कि रिश्तेदार और समाज यदि इन बच्चों की मदद के लिए आगे आते हैं तो यह पूरे प्रदेश के लिए सकारात्मक संदेश होगा।

Read More »

छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय शूटिंग प्रतियोगिता संपन्न

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर, दो दिवसीय छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन एसएन सेन बालिका विद्यालयपीजी कॉलेज द्वारा शूटिंग स्पोर्टस अकादमी ,कल्याणपुर में दिनांक 15 एवं 17अक्टूबर 2025 को आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो . सुमन द्वारा किया गया इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मो . उमर वर्ल्ड कप शूटिंग के मेडलिस्ट को प्राचार्यों द्वारा मालार्यपण एवं स्मृति चिंह देकर सम्मानित किया गया ।| प्रतियोगिता महिला एव पुरुष दोनों वर्गों मेंआयोजित की गई जिसमें बढ़ चढ़कर खिलाड़ियों ने प्रतिभागिता दी। शूटिंग प्रतियोगिताओं के विभिन्न इवेंट में विजेता खिलाड़ियों के नाम निम्न वक्त हैं
1 – 10 मीटर एयर राइफल महिला वर्ग में
प्रथम स्थान आकांक्षी यादव द्वितीय स्थान प्रतीक्षा तृतीय स्थान पलक
2 – 10 मीटर एयर राइफल पुरुष वर्ग में

1 .उत्तम सिंह राठौड़ प्रथम स्थान 2 .अभिजीत सिंह द्वितीय स्थान 3.हीरामन सिंह तृतीय स्थान पर रहे ।

3 . 50 मीटर फ्री पिस्टल में अभिषेक यादव प्रथम लव कुश द्वितीय स्थान

4 . 50 मीटर फ्री पिस्टल महिला वर्ग में प्रथम स्थान पलक द्विवेदी

5 . पिस्टल 25 मी (महिला) में पलक द्विवेदी प्रथम स्थान रही

6 . 50 मीटर राइफल ( महिला )में प्रथम स्थान अंशिका
द्वितीय स्थान युक्तिशा

7 . 10 मीटर एयर पिस्टल (पुरुष वर्ग ) में प्रथम स्थान अभिषेक यादव द्वितीय तुषार सिंह तृतीय मोहित यादव
8.10 मीटर पिस्टल महिला वर्ग में प्रथम स्थान शिवांगी द्वितीय स्थान सृष्टि तृतीय स्थान पलक
शूटिंग प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में अभय, मयंक, शैलेश, तारा एवं मोहम्मद उमर रहे ।कार्यक्रम कीआयोजन सचिव प्रोफेसर प्रीति पांडे ने सभीअतिथि गण खिलाड़ियों एवं निर्णय को का धन्यवाद ज्ञापन किया एवं कार्यक्रम में विश्वविद्यालय शाहिद शिक्षा विभाग एवं क्रीड़ा सेडॉक्टर निमिषा डॉक्टर श्रवण डॉ प्रभाकर ,डॉ अभिषेक ने भी अपनी उपस्थिति दी ।

Read More »

दिव्यांग बच्चों द्वारा बनाए गए दीवाली के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर कानपुर विद्या मंदिर महिला महाविद्यालय में दिव्यांग डेवलपमेंट सोसायटी, महाविद्यालय के “दिव्यांग सहायता क्लब” एवं समाजशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान द्वारा दिव्यांग बच्चों के द्वारा बनाए गए दीवाली के सुंदर उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। प्राचार्या प्रो. पूनम विज ने दिव्यांग बच्चों के द्वारा बनाए गए उत्पादों की भूरि भूरि प्रशंसा की और कई उत्पादों की खरीदारी कर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। प्राचार्या जी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमें दूसरों की सहायता करनी चाहिए। जब हम सभी ऐसा करेंगे, तभी एक अच्छे समाज का निर्माण हो सकेगा । हमारे महाविद्यालय में इसकी पहल, महाविद्यालय में दिव्यांग सहायता क्लब को स्थापित करके तथा समाजशास्त्र विभाग द्वारा दिव्यांग डेवलपमेंट सोसाइटी के साथ समझौता ज्ञापन करके की गई है। जो समय समय पर दिव्यांग बच्चों के लिए भी प्रशंसनीय कार्य करता रहता है। जिससे महाविद्यालय के बच्चों के मन में दिव्यंगता के प्रति सहयोग की भावना उत्पन्न हुई है। इस प्रदर्शनी में सभी शिक्षिकाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग लिया। प्रदर्शनी को सफल बनाने हेतु समुचित आयोजन डॉ. पूर्णिमा शुक्ला, विभागाध्यक्ष,समाजशास्त्र विभाग के द्वारा किया गया।

Read More »

‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता पर कार्यशाला’ आयोजित

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता पर एक कार्यशाला का सफल आयोजन 15 अक्टूबर 2025 को छत्रपति शाहू जी महाराज नवाचार फाउंडेशन (CSJMIF), छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर द्वारा, C3i HUB, IIT कानपुर एवं कलाम एस.पी.एस. रिसर्च सेंटर के सहयोग से डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ऑडिटोरियम, क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर में किया गया।

इस कार्यक्रम में कानपुर नगर के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्यों, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के पाठ्यक्रम समन्वयकों एवं सह-समन्वयकों की सक्रिय भागीदारी रही। उद्घाटन सत्र की शुरुआत डॉ. आशुतोष द्विवेदी के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने शिक्षा एवं उद्योग जगत में AI और साइबर सुरक्षा के समावेश की आवश्यकता पर बल दिया। क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर के प्राचार्य प्रो. विनय जे. सेबेस्टियन ने अध्यक्षीय भाषण देते हुए डिजिटल नैतिकता एवं जागरूकता की महत्ता को रेखांकित किया।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति एवं कार्यशाला के संरक्षक प्रो. विनय कुमार पाठक ने ऑनलाइन संदेश के माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने इस प्रकार की क्षमतावर्धन पहलों की आवश्यकता एवं सामयिक प्रासंगिकता को रेखांकित करते हुए ऐसे सहयोगात्मक प्रयासों को समर्थन प्रदान किया।

CDC निदेशक, प्रो. आर. के. द्विवेदी ने उद्घाटन भाषण में युवाओं को AI और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में कुशल बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

उद्घाटन सत्र के पश्चात एक संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें शैक्षणिक, शोध एवं उद्योग क्षेत्र के प्रमुख वक्ताओं ने AI और साइबर सुरक्षा से जुड़ी नवीनतम चुनौतियों और अवसरों पर अपने विचार साझा किए। कलाम फाउंडेशन, नई दिल्ली के CEO डॉ. सृजन पाल सिंह जी ने जनसेवा में AI के नैतिक उपयोग पर व्याख्यान दिया। लखनऊ स्थित कलाम फाउंडेशन की निदेशक सुश्री गुंजा कपूर ने नीति स्तर पर मौजूद कमियों और मजबूत साइबर सुरक्षा ढांचे की आवश्यकता को रेखांकित किया।

C3iHUB, IIT कानपुर के साइबर सुरक्षा प्रशिक्षक श्री अमन राज ने वास्तविक दुनिया के साइबर खतरों और कमजोरियों पर एक प्रभावी सत्र लिया। वहीं, C3iHUB से ही श्री आदित्य सिंह ने AI के माध्यम से खतरों की पूर्व पहचान में इसकी भूमिका पर चर्चा की।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के CSJMIF में इनक्यूबेशन मैनेजर अनिल कुमार त्रिपाठी ने AI और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में स्टार्टअप एवं इनक्यूबेशन के अवसरों पर प्रकाश डाला। CSJMIF के इनोवेशन ऑफिसर शैलेन्द्र यादव ने तकनीकी क्षेत्र में नवाचार, इनक्यूबेशन और स्टार्टअप की संभावनाओं पर विचार साझा किए।

‘AI फॉर ऑल’ व्यावसायिक पाठ्यक्रम के जिला समन्वयक, कानपुर नगर, प्रो. मीत कमल ने भी कार्यशाला में सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शुभी तिवारी एवं डॉ. अंकिता जैस्मिन लाल द्वारा किया गया।

कार्यशाला का समापन डॉ. आशुतोष कुमार द्वारा औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने सभी वक्ताओं, सहयोगियों, आयोजन टीमों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Read More »

एमएसएमई विशेषज्ञों द्वारा इंटरएक्टिव सत्र आयोजित

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर के इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन सेल द्वारा 14 अक्टूबर 2025 को छात्रों में नवाचार और उद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एमएसएमई विशेषज्ञों द्वारा एक इंटरएक्टिव सत्र आयोजित किया गया। सत्र का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) की आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता में भूमिका को समझना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन सेल के संयोजक डॉ. मनीष कपूर के स्वागत भाषण एवं परिचय से हुआ, जिन्होंने एमएसएमई की नवाचार और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विनय जॉन सेबेस्टियन ने अपने संबोधन में छात्रों को उद्यमिता को व्यक्तिगत और सामाजिक विकास का मार्ग मानने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान श्री दिव्यांशु शुक्ला ने सभा को संबोधित करते हुए कृषि-आधारित उद्यमिता के महत्व पर प्रकाश डाला, विशेष रूप से सुगंधित एवं औषधीय फसलों के क्षेत्र में, जो युवाओं के लिए रोजगार एवं ग्रामीण विकास का एक उभरता हुआ क्षेत्र है।

इस अवसर पर श्री भक्ति विजय शुक्ला, उपनिदेशक, एमएसएमई, कन्नौज ने सरकारी योजनाओं, इनक्यूबेशन अवसरों एवं शैक्षणिक संस्थानों में नवाचार की भूमिका पर अपने मूल्यवान विचार साझा किए। कार्यक्रम का समापन एक इंटरएक्टिव प्रश्नोत्तर सत्र से हुआ, जिसमें छात्रों ने अपने विचार रखे और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।

सत्र में एमएसएमई पहल, नवाचार, और स्टार्टअप समर्थन जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। छात्रों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और नवाचार-आधारित एवं स्व-रोजगार के अवसरों की ओर प्रेरित हुए।

इस कार्यक्रम से छात्रों में एमएसएमई के प्रति जागरूकता बढ़ी, उद्यमिता के प्रति उनकी रुचि में वृद्धि हुई, और शिक्षा जगत तथा उद्योग के बीच संबंध मजबूत हुए। प्रतिभागियों ने इस सत्र की सराहना की और व्यावहारिक कार्यशालाओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन का सुझाव दिया।

कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन डॉ. श्वेता मिश्रा, संकाय सदस्य द्वारा किया गया, जिन्होंने अतिथियों, अध्यापकों और छात्रों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस आयोजन ने शैक्षणिक ज्ञान और उद्यमिक व्यवहार के बीच की खाई को सफलतापूर्वक पाटते हुए छात्रों को भारत के नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र और आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

Read More »

सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिता आयोजित

भारतीय स्वरूप संवाददाता  दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, कानपुर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन रोड सेफ्टी क्लब की इंचार्ज डॉ. संगीता सिरोही के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।इस अवसर पर छात्राओं ने सड़क सुरक्षा विषय पर अपने सृजनात्मक विचारों को भाषण, निबंध, प्रश्नोत्तरी के माध्यम से प्रस्तुत किया।

छात्राओं ने सड़क सुरक्षा नियमों से संबंधित शपथ भी ली।इस अवसर पर छात्राओं के द्वारा रैली निकालकर पोस्टरों के माध्यम से ट्रैफिक नियमों का संदेश दिया ताकि छात्राओं, अभिभावकों एवं अध्यापकों के मध्य सड़क सुरक्षा जागरूकता का व्यापक प्रचार प्रसार हो।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता छात्राओं ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। भाषण प्रतियोगिता में उमरा ने प्रथम, वैष्णवी शर्मा ने द्वितीय तथा नाज़िया बेगम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में श्रद्धा त्रिवेदी प्रथम , पंखुड़ी ओमर द्वितीय तथा रिधिमा तृतीय रही।प्रश्नोतरी प्रतियोगिता में सिमरन फिरदौस ने प्रथम, बुशरा ने द्वितीय तथा सिमरन कुशवाहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, महाविद्यालय सेल्फ फाइनेंस डायरेक्टर प्रो अर्चना वर्मा तथा निर्णायक मंडल ने छात्राओं की रचनात्मकता की सराहना की और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

Read More »

कानपुर की शिक्षिका अंजनी अग्रवाल को मिला राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर नगर की शिक्षिका अंजनी अग्रवाल को मिला राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान पुस्तक की भेंट अंतर्राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर चौधरी केहर सिंह एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा बड़ौत बागपत द्वारा मेडिसिटी हॉस्पिटल बड़ौत के सभागार में आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु विभिन्न राज्यों से आए 111 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से आमंत्रित उच्च प्राथमिक विद्यालय सेमरुआ सरसौल की सहायक अध्यापिका शिक्षिका अंजनी अग्रवाल को प्रदेश के राज्य मंत्री कृष्ण पाल मालिक के द्वारा अंग वस्त्र , स्मृति चिन्ह , प्रशस्ति पत्र पोर्टफोलियो एवं पौधा देकर सम्मानित किया गया कार्यक्रम में श्री धर्मेंद्र कुमार आईएएस विनीत राठी उपनिदेशक प्रवर्तन निर्देशालय, राघवेंद्र सिंहजिला विद्यालय निरीक्षक बागपत, मनोज मालिक, नवनीत पाठक, डॉक्टर राजेंद्र कुमार, विजय तोमर सीओ बड़ौत, एवं डॉ. रघुनाथ सिंह जी की गरिमामाई उपस्थिति रही।
डॉ. अंजनी अग्रवाल ने अपनी लिखित पुस्तक,” प्रेरक द्वार” (बाल कहानी संग्रह) भी भेट की। जिसकी सभी ने भूरी भूरी प्रशंसा की।

Read More »

महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर एस.एन. सेन बी.वी.पी.जी. कॉलेज, कानपुर मिशन शक्ति फेज़–5 के अंतर्गत आज कॉलेज परिसर में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही एनसीसी कैडेट्स एवं अन्य छात्राओं ने पुलिस टीम के साथ मिलकर सेल्फ डिफेंस, ट्रैफिक मैनेजमेंट तथा नुक्कड़ नाटक जागरूकता अभियान में भाग लेने की इच्छा व्यक्त की।

इस अवसर पर छात्राओं को सभी महिला हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में छात्राओं के नाम भी दर्ज किए गए ताकि भविष्य में “नारी शक्ति अभियान” को और सशक्त बनाते हुए समाज के हर वर्ग तक पहुँचाया जा सके।

Read More »

वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम हेतु व्यापक अभियान संचालित

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर नगर 10 अक्टूबर जनपद कानपुर नगर में वेक्टर जनित रोगों के नियंत्रण एवं रोकथाम हेतु विभिन्न गतिविधियाँ संपन्न कराई गईं। जिला मलेरिया अधिकारी के निर्देशन में सरसौल ब्लॉक के ग्राम पौहर में संयुक्त टीम द्वारा वाहक जनित रोगों पर नियंत्रण हेतु की जा रही गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह, सहायक मलेरिया अधिकारी भूपेन्द्र सिंह तथा मलेरिया निरीक्षक मंजीत यादव द्वारा ग्राम सेमरझाल, ब्लॉक सरसौल का भ्रमण किया गया।

भ्रमण के दौरान घर-घर स्वच्छता की स्थिति का निरीक्षण किया गया। किसी भी घर में बुखार के रोगी नहीं पाए गए। एक इंडिया मार्क हैंडपंप के प्लेटफॉर्म की अनुपस्थिति पाई गई, जिसकी जानकारी जिला पंचायत राज अधिकारी को अवगत करा दी गई है। ग्राम निवासी राम प्रकाश गुप्ता द्वारा आयुष्मान कार्ड न बनने की समस्या बताई गई, जिसे शीघ्र समाधान हेतु संबंधित विभाग को सूचित किया गया है।

ग्राम वासियों को संचारी एवं वाहक जनित रोगों से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया। लोगों को अपने घरों के आसपास साफ-सफाई रखने, कूड़ा-करकट का निस्तारण करने, तथा घर के अंदर या बाहर जलभराव न होने देने के लिए प्रेरित किया गया।

इसी क्रम में जिला मलेरिया अधिकारी द्वारा ग्राम तिलसहरी खुर्द का भी भ्रमण किया गया, जहाँ नालियों में लार्वीसाइडल दवा का छिड़काव, कूलर, गमले एवं अन्य जल पात्रों की जांच कर सोर्स रिडक्शन की कार्रवाई की गई। ग्रामीणों को मच्छरों से बचाव के लिए प्राकृतिक मच्छर भगाने वाली क्रीम का उपयोग करने एवं शरीर को अधिकतम रूप से कपड़ों से ढके रखने की सलाह दी गई।

ग्रामों में स्वास्थ्य कैंप आयोजित किए गए, जिनमें कुल 12 सामान्य रोगियों का उपचार कर औषधि वितरित की गई। 2 रोगियों की मलेरिया एवं 2 रोगियों की डेंगू जांच की गई, जिनकी सभी रिपोर्टें निगेटिव प्राप्त हुईं।

इसके अतिरिक्त क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, इंडोर स्पेस स्प्रे, लार्वानाशक छिड़काव एवं एण्टमोलॉजिकल सर्वेक्षण जैसी गतिविधियाँ संचालित की गईं।

जनमानस को संचारी रोगों से संबंधित सूचना देने या जानकारी प्राप्त करने हेतु यू.एच.एम. चिकित्सालय परेड स्थित कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 अथवा 9335301096 पर संपर्क किया जा सकता है। साथ ही नगर निगम स्थित कंट्रोल रूम में हेल्पलाइन नंबर 0512-2526004 एवं 0512-2526005 भी सक्रिय हैं, जिन पर सूचना प्राप्त होने पर संबंधित क्षेत्र में तत्काल कार्रवाई की जाती है।

Read More »

बॉलीवुड के स्वर्णिम युग पर आधारित नाट्य प्रस्तुति “सपने (मिडिल क्लास)” का भव्य आयोजन

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर: क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर में आज बॉलीवुड के स्वर्णिम युग पर आधारित नाट्य प्रस्तुति “सपने (मिडिल क्लास)” का भव्य आयोजन हुआ। यह कार्यक्रम Sameeksha Creations Mumbai के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसका लेखन और निर्देशन प्रो. विभांशु वैभव ने किया।

यह नाटक 70 और 80 के दशक के बॉलीवुड सिनेमा को समर्पित एक भावनात्मक और मनोरंजक प्रस्तुति रही, जिसमें मध्यम वर्गीय परिवारों के संघर्ष, सपने और सामाजिक यथार्थ को हास्य, भावनाओं और नाटकीयता के माध्यम से मंच पर जीवंत किया गया।

कार्यक्रम का आरंभ दीप प्रज्ज्वलन (Lighting of the Lamp) से हुआ, जिसके पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विनय जॉन सेबेस्टियन ने उद्घाटन संबोधन में कहा —“हमें गर्व है कि क्राइस्ट चर्च कॉलेज कला और संस्कृति को प्रोत्साहन देने के लिए ऐसे विशेष आयोजनों की मेज़बानी करता है। ‘सपने (मिडिल क्लास)’ ने हमारे छात्रों और शहर के दर्शकों को स्वर्णिम युग की यादों से जोड़ा।” इसके पश्चात मुख्य अतिथि प्रो. विभांशु वैभव ने अपने संबोधन में कहा कि यह नाटक उस वर्ग की कहानी है जो सपनों के साथ जीता है, संघर्ष करता है, और हर परिस्थिति में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

संयोजक प्रो. मीत कमल ने बताया —“हमारा उद्देश्य इस नाटक के माध्यम से 70s–80s के बॉलीवुड युग और उस दौर की संवेदनाओं को दर्शकों तक पहुँचाना था।”

कार्यक्रम का समापन डॉ. एरिक विल्सन द्वारा प्रस्तुत वोट ऑफ थैंक्स से हुआ, जिसमें उन्होंने सभी अतिथियों, अध्यापकगण, विद्यार्थियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर कॉलेज के विभागों के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ तथा गणमान्य अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

नाटक का सारांश : ‘सपने (मिडिल क्लास)’

नाटक की शुरुआत 70–80 के दशक की फ़िल्मों के मशहूर गीतों और संवादों से होती है, जिन्हें सूत्रधार कांची ने अपने अभिनय और भावपूर्ण प्रस्तुति से जीवंत किया।

इसके बाद कहानी एक ही मोहल्ले के तीन मध्यमवर्गीय परिवारों के इर्द-गिर्द घूमती है —

पहले परिवार में अम्मा (वैष्णवी) अपने तीन बेटों और एक बेटी के साथ रहती हैं —

 • पहलवान (हर्षित), जो कुश्ती में गोल्ड मेडल जीतकर माँ का सपना पूरा करना चाहता है।

 • चंदू (डॉक्टर), जो अपने ठाट-बाट और घमंड में रहता है।

 • रवि, जो धर्मेंद्र जैसा अभिनेता बनने का सपना देखता है।

रवि का साथी पप्पू पान वाला (सुंदरम) उसका सच्चा मित्र है, जबकि फोटोग्राफर (बृजेश) उसकी हर अदा का दीवाना है।

रवि का प्रेम संबंध मोहल्ले के श्रीवास्तव जी (आदर्श) की बेटी बिब्बो (तनिष्का) से है।

बिब्बो का भाई अमर (उमर) अमिताभ बच्चन का प्रशंसक है और खुद अभिनेता बनना चाहता है। उसका प्रेम संबंध चतुर्वेदी की बिटिया सिब्बो (तन्वी) से है।

अमर का साथी मुन्ना कट्टेवाला (विक्रांत) उसके हर कारनामे में साथ देता है।

घर में छोटू (हर्ष) और रामभक्त (प्रणव) अपनी मासूमियत और हास्य से दर्शकों को बाँधे रखते हैं।

माँ (अनुष्का) चिंतित रहती है कि बड़ी बेटी बिन्नो (अंजलि) की शादी अब तक नहीं हुई।

तीसरा परिवार बिन्नो को देखने आता है — उनका बेटा (अब्दुल) बिना कुछ कहे लौट जाता है, लेकिन बाद में बिन्नो की शादी उसी युवक से करा दी जाती है और वह “घरजमाई” बन जाता है। इसी बीच मोहल्ले में बिब्बो और रवि की प्रेमकहानी चाची (कांची) और पंडिताइन (ओजस्विनी) के ज़रिए फैल जाती है। फिर मोंटी बदमाश (शिवा) द्वारा बिन्नो से छेड़छाड़ की घटना होती है। जब यह बात अमर तक पहुँचती है, तो वह रवि, मुन्ना और पप्पू पानवाले के साथ मिलकर मोंटी की हत्या कर देता है।

इसके बाद गुल्लो प्रधान (अंकित) सभी पुरुषों को दोषी ठहराकर जेल भिजवा देता है, जिससे पूरा मोहल्ला मर्दविहीन हो जाता है।

अंतिम दृश्य में पहलवान की पत्नी बड़की बहू (सानिया) का बेटा बड़ा होकर दीवार पर लगे धर्मेंद्र के पोस्टर को फाड़ देता है — जो प्रतीक है अमिताभ के नए युग और नए सपनों की शुरुआत का।

इसी दृश्य के साथ नाटक का समापन होता है — पुराने युग की समाप्ति और नई पीढ़ी के संघर्षशील सपनों की शुरुआत के प्रतीक के रूप में।

दर्शकों ने कलाकारों के अभिनय, संवादों और मंच सज्जा की जोरदार सराहना की।

नाटक ने यह सशक्त संदेश दिया —

“हर वर्ग के अपने सपने होते हैं, जो संघर्षों के बावजूद जीवित रहते हैं — और यही जीवन की असली सुंदरता है।”

कार्यक्रम में कॉलेज के विद्यार्थी, शिक्षकगण और दर्शक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने नाटक की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

Read More »