भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता पर एक कार्यशाला का सफल आयोजन 15 अक्टूबर 2025 को छत्रपति शाहू जी महाराज नवाचार फाउंडेशन (CSJMIF), छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर द्वारा, C3i HUB, IIT कानपुर एवं कलाम एस.पी.एस. रिसर्च सेंटर के सहयोग से डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ऑडिटोरियम, क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर में किया गया।
इस कार्यक्रम में कानपुर नगर के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्यों, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के पाठ्यक्रम समन्वयकों एवं सह-समन्वयकों की सक्रिय भागीदारी रही। उद्घाटन सत्र की शुरुआत डॉ. आशुतोष द्विवेदी के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने शिक्षा एवं उद्योग जगत में AI और साइबर सुरक्षा के समावेश की आवश्यकता पर बल दिया। क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर के प्राचार्य प्रो. विनय जे. सेबेस्टियन ने अध्यक्षीय भाषण देते हुए डिजिटल नैतिकता एवं जागरूकता की महत्ता को रेखांकित किया।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति एवं कार्यशाला के संरक्षक प्रो. विनय कुमार पाठक ने ऑनलाइन संदेश के माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने इस प्रकार की क्षमतावर्धन पहलों की आवश्यकता एवं सामयिक प्रासंगिकता को रेखांकित करते हुए ऐसे सहयोगात्मक प्रयासों को समर्थन प्रदान किया।
CDC निदेशक, प्रो. आर. के. द्विवेदी ने उद्घाटन भाषण में युवाओं को AI और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में कुशल बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
उद्घाटन सत्र के पश्चात एक संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें शैक्षणिक, शोध एवं उद्योग क्षेत्र के प्रमुख वक्ताओं ने AI और साइबर सुरक्षा से जुड़ी नवीनतम चुनौतियों और अवसरों पर अपने विचार साझा किए। कलाम फाउंडेशन, नई दिल्ली के CEO डॉ. सृजन पाल सिंह जी ने जनसेवा में AI के नैतिक उपयोग पर व्याख्यान दिया। लखनऊ स्थित कलाम फाउंडेशन की निदेशक सुश्री गुंजा कपूर ने नीति स्तर पर मौजूद कमियों और मजबूत साइबर सुरक्षा ढांचे की आवश्यकता को रेखांकित किया।
C3iHUB, IIT कानपुर के साइबर सुरक्षा प्रशिक्षक श्री अमन राज ने वास्तविक दुनिया के साइबर खतरों और कमजोरियों पर एक प्रभावी सत्र लिया। वहीं, C3iHUB से ही श्री आदित्य सिंह ने AI के माध्यम से खतरों की पूर्व पहचान में इसकी भूमिका पर चर्चा की।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के CSJMIF में इनक्यूबेशन मैनेजर अनिल कुमार त्रिपाठी ने AI और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में स्टार्टअप एवं इनक्यूबेशन के अवसरों पर प्रकाश डाला। CSJMIF के इनोवेशन ऑफिसर शैलेन्द्र यादव ने तकनीकी क्षेत्र में नवाचार, इनक्यूबेशन और स्टार्टअप की संभावनाओं पर विचार साझा किए।
‘AI फॉर ऑल’ व्यावसायिक पाठ्यक्रम के जिला समन्वयक, कानपुर नगर, प्रो. मीत कमल ने भी कार्यशाला में सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शुभी तिवारी एवं डॉ. अंकिता जैस्मिन लाल द्वारा किया गया।
कार्यशाला का समापन डॉ. आशुतोष कुमार द्वारा औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने सभी वक्ताओं, सहयोगियों, आयोजन टीमों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
भारतीय स्वरुप दैनिक ई-पेपर