दैनिक भारतीय स्वरूप जिला सूचना कार्यालय जिला विकास अधिकारी कानपुर के निर्देशन एवं जीडीएक्स सिक्योरिटी ग्रुप, परी चौक, नोएडा द्वारा जनपद कानपुर के विभिन्न विकास खण्डों में सुरक्षा जवान एवं सुपरवाइजर पदों पर भर्ती के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पंजीयन एवं चयन प्रक्रिया की जाएगी।
भर्ती के लिए सुरक्षा जवान पद हेतु अभ्यर्थी का 10वीं पास होना, आयु 18 से 45 वर्ष, न्यूनतम कद 168 सेंटीमीटर तथा वजन 55 किलोग्राम निर्धारित किया गया है। सुपरवाइजर पद के लिए स्नातक एवं कम्प्यूटर का ज्ञान तथा आयु 21 से 45 वर्ष निर्धारित है। चयन के लिए अभ्यर्थी को 10वीं की अंकतालिका एवं दो फोटो साथ लाना होगा। चयनित अभ्यर्थी से 250 रुपये पंजीयन फॉर्म शुल्क लिया जाएगा।
भर्ती शिविर 12 अक्टूबर को विकास खण्ड भीतरगांव, 13 अक्टूबर को बिधनू, 14 अक्टूबर को घाटमपुर, 15 अक्टूबर को पतारा, 16 अक्टूबर को सरसौल, 17 अक्टूबर को कल्याणपुर, 19 अक्टूबर को चौबेपुर, 21 अक्टूबर को शिवराजपुर, 22 अक्टूबर को बिल्हौर तथा 23 अक्टूबर को ककवन विकास खण्ड परिसर में आयोजित किए जाएंगे। सभी शिविरों का आयोजन सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक किया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी, जिसमें अन्य जनपदों के युवा भी शामिल हैं, निर्धारित तिथि को संबंधित विकास खण्ड परिसर में पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
भर्ती अधिकारी राम किशन ने बताया कि चयनित युवाओं को परी चौक, नोएडा में 20 दिन का आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद कानपुर, लखनऊ, नोएडा एवं गुरुग्राम सहित विभिन्न स्थानों पर स्थायी रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 18,000 से 25,000 रुपये तक मासिक वेतन के साथ पीएफ, पेंशन, ग्रेच्युटी, बीमा, मेडिकल सुविधा, वार्षिक वेतन वृद्धि, पदोन्नति तथा आवास एवं मेस की रियायती दर पर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
अधिक जानकारी के लिए भर्ती अधिकारी राम किशन के मोबाइल नंबर 9667989993 एवं 9555736203 पर संपर्क किया जा सकता है।
भारतीय स्वरुप दैनिक ई-पेपर