भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर, 17 सितम्बर दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, कानपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर *‘सेवा संकल्प अभियान’* के अंतर्गत *भव्य दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम* का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में *501 दीप जलाकर सेवा, समर्पण और राष्ट्रसेवा का संकल्प* लिया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ *‘आशीर्वाद का दीया’* की रंगोली व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर छात्राओं एवं उपस्थित सदस्यों ने दीप जलाकर समाज के प्रति सेवा भाव, सकारात्मक सोच तथा राष्ट्रहित में निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया। परिसर में 501 दीपों से सजी प्रकाशमय श्रंखला ने *‘जनसेवा ही राष्ट्र सेवा है’* के संदेश को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की संयोजक प्रो. पप्पी मिश्रा ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संगीता सिरोही ने कहा कि सेवा का वास्तविक अर्थ जरूरतमंदों तक सहयोग, संवेदना और सकारात्मक परिवर्तन पहुँचाना है। उन्होंने छात्राओं से सेवा को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। महाविद्यालय प्राचार्या प्रो. वंदना निगम ने छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि युवा शक्ति समाज में परिवर्तन की महत्वपूर्ण वाहक है। उन्होंने सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में छात्राओं की सक्रिय भागीदारी को सराहा।कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यालयाधिक्षक कृष्णेन्द्र श्रीवास्तव समेत महाविद्यालय की छात्राओं, शिक्षिकाओं एवं अन्य सदस्यों की उत्साहपूर्वक सहभागिता रही।
भारतीय स्वरुप दैनिक ई-पेपर