Breaking News

शिक्षा

क्राइस्ट चर्च कॉलेज के करियर काउंसलिंग सेल और आईडीएफसी बैंक के संयुक्त तत्वाधान में प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर करियर काउंसलिंग सेल, क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर द्वारा आईडीएफसी बैंक के सहयोग से दिनांक 17 अगस्त 2026 को एक प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया।यह पूरा कार्यक्रम प्राचार्य प्रोफ़ेसर विनय जॉन सेबेस्टियन के मार्गदर्शन मे हुआ। जिसका मुख्य उद्देश्य अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को बैंकिंग क्षेत्र में रोजगार एवं बेहतर करियर के अवसरों से अवगत कराना तथा उन्हें रोजगार के लिए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान करना था। इस प्लेसमेंट ड्राइव में 50 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ करियर काउंसलिंग सेल की समन्वयक प्रो. मीत कमल द्वारा मुख्य वक्ता मोहम्मद उजैर सर, आईडीएफसी बैंक के प्रतिनिधि एवं संकाय सदस्य, के परिचय के साथ हुआ। अपने प्रेरणादायी संबोधन में मोहम्मद उजैर सर ने विद्यार्थियों को बैंकिंग क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं करियर के अवसरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने डिजिटल बैंकिंग के उभरते आयामों, बैंक के संगठनात्मक ढाँचे, विभिन्न कार्यक्षेत्रों तथा भविष्य में करियर विकास की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को बैंकिंग क्षेत्र में अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।

प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपने प्रश्न पूछे, जिनका मोहम्मद उजैर सर ने सरल, प्रभावी एवं संतोषजनक ढंग से समाधान किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता एवं उत्साह देखने को मिला।

सम्पूर्ण प्लेसमेंट ड्राइव के सफल आयोजन में करियर काउंसलिंग सेल की समन्वयक प्रो. मीत कमल की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण उपस्थिति और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में आईडीएफसी बैंक द्वारा विद्यार्थियों के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया सफलतापूर्वक आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रकार प्लेसमेंट ड्राइव सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

Read More »

क्राइस्ट चर्च कॉलेज में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत देशभक्ति संगीत कार्यक्रम आयोजित

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर क्राइस्ट चर्च कॉलेज, में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत सरवपल्ली राधाकृष्णन सभागार में भव्य देशभक्ति संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की सह-पाठ्यक्रम समिति (Co-Curricular Committee) द्वारा विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम तथा राष्ट्रसेवा में समर्पित जवानों एवं कर्मियों के प्रति कृतज्ञता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से किया गया। अभियान के प्रथम चरण के अंतर्गत 8 अगस्त को विद्यार्थियों ने सेना एवं पुलिस के जवानों और कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पत्र लिखे थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य *श्री विनय जॉन सेबेस्टियन* ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता तथा युवाओं में देश के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ देशभक्ति भाव से ओत-प्रोत परिचय एवं *डॉ. श्वेता मिश्रा* के स्वागत संबोधन से हुआ। कार्यक्रम का संचालन अंशिका शुक्ला एवं प्रियांशी जायसवाल ने उत्साहपूर्वक किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के क्रम में *भूमि सागर* ने मनमोहक एकल नृत्य प्रस्तुत किया। इसके पश्चात *खुशी गुप्ता, शरद मैसी, अली, सार्थक श्रीवास्तव* सहित अन्य विद्यार्थियों ने एकल एवं सामूहिक देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने सभागार को देशभक्ति के भाव से भर दिया और दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का समापन *डॉ. अंकिता पांडेय* द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले महाविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों, आयोजन समिति एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा एकता, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को सदैव बनाए रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को सुदृढ़ करने के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

Read More »

एस एन सेन बालिका विद्यालय पी जी कॉलेज में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत “तिरंगा रैली” व पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर 13 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “हर घर तिरंगा अभियान” के अंतर्गत एस एन सेन बालिका विद्यालय पी जी कॉलेज में एनएसएस इकाई के तत्वावधान में ” तिरंगा रैली” व पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में देशभक्ति की भावना जागृत करना और तिरंगे के सम्मान व महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना था।कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर डॉ सुमन द्वारा की गई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर में तिरंगा फहराकर हम स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार कर सकते हैं।

एनएसएस प्रभारी डॉ. श्वेता रानी ने हर घर तिरंगा कार्यक्रम के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने “हर घर तिरंगा”, “एकता में अनेकता”, “स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव” जैसे विषयों पर सुंदर और प्रेरणादायक पोस्टर बनाए।
कार्यक्रम के आयोजन में स्वयं सेविका तनिष्का, प्रियल, माही, आंशिका यादव, दिव्यांशी ने योगदान दिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Read More »

दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत देशभक्ति गीत प्रतियोगिता – आज़ादी के तराने कार्यक्रम आयोजित

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, कानपुर में प्राचार्या प्रो. वंदना निगम के मार्गदर्शन मे “हर घर तिरंगा अभियान–2026” के अंतर्गत देशभक्ति गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव की भावना को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता में 50 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। उनकी प्रस्तुतियों में राष्ट्र के प्रति प्रेम, समर्पण और एकता की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का वातावरण बना रहा।

प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में हरीश कुमार झा, विभागाध्यक्ष, संगीत विभाग, एस.एन. सेन कॉलेज ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. रुचिमिता पांडेय एवं डॉ. अलका सिंह द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय की एनसीसी, एनएसएस एवं रेंजर्स इकाइयों की सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्या प्रो. वंदना निगम ने सभी प्रतिभागियों की सराहना की तथा उन्हें देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन “हर घर तिरंगा” अभियान को सफल बनाने तथा राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के संकल्प के साथ हुआ।

Read More »

‘काकोरी दिवस’ पर विशेष कार्यक्रम आयोजित

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर, 8 अगस्त क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर के इतिहास विभाग द्वारा रसायन विज्ञान सेमिनार कक्ष में ‘काकोरी दिवस’ पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ऐतिहासिक काकोरी ट्रेन एक्शन का स्मरण करते हुए भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में उसके महत्व को रेखांकित करना था। कार्यक्रम का संचालन अपराजिता सिंह ने किया। इतिहास विभाग की अंतिम वर्ष की बी.ए. छात्रा सुश्री उन्नति मेहरोत्रा ने काकोरी की घटनाओं और उनसे मिलने वाली प्रेरणाओं पर प्रकाश डाला। इतिहास विभाग की शिक्षिका सुश्री उज्मा मुमताज ने काकोरी ट्रेन एक्शन तथा विशेष रूप से राम प्रसाद बिस्मिल और अशफाकउल्ला खान की क्रांतिकारी मित्रता पर विस्तार से चर्चा की, मुख्य वक्ता डॉ. हरेंद्र नारायण सिंह ने स्थानीय इतिहास के अध्ययन के महत्व पर बल देते हुए विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र से जुड़े स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों के योगदान का अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में डॉ. श्वेता चंद, उप-प्राचार्य, डॉ. रामाशंकर सिंह, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन डॉ. रामाशंकर सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, वक्ताओं, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Read More »

नशा मुक्त भारत पखवाड़ा के अन्तर्गत पदयात्रा कार्यक्रम आयोजित 

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर एस एन सेन महाविद्यालय में नशा मुक्त भारत अभियान के पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत प्राचार्या डॉ सुमन के निर्देशन में पदयात्रा का आयोजन किया गया। एनएसएस इकाई कार्यक्रम अधिकारी डॉ श्वेता रानी के नेतृत्व में महाविद्यालय से पदयात्रा प्रारम्भ की गयी। पदयात्रा में डॉ गार्गी यादव, कैप्टन ममता अग्रवाल, डॉ प्रीति पांडे, डॉ संगीता सिंह, डॉ अनामिका राजपूत, डॉ पूजा गुप्ता, डॉ प्रीता अवस्थी सहित समस्त शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया। कुछ छात्राओं द्वारा महाविद्यालय परिसर में स्लोगन चस्पा कर के जागरुकता फैलाई। स्वयंसेविका माही मिश्रा, शैली यादव,रानू यादव, दिव्यांशी तिवारी सहित 80 से अधिक NSS, NSS, Rangers की छात्राओं द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा।

Read More »

क्राइस्ट चर्च कॉलेज ने राष्ट्रीय रसायन विज्ञान दिवस मनाया

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर, 3 अगस्त : क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर के रसायन विज्ञान विभाग द्वारा राष्ट्रीय रसायन विज्ञान दिवस का आयोजन भारत के महान वैज्ञानिक एवं आधुनिक रसायन विज्ञान के अग्रदूत आचार्य प्रफुल्ल चन्द्र राय की 165वीं जयंती के उपलक्ष्य में किया गया। यह कार्यक्रम केमिकल सोसायटी 2026–27 के तत्वावधान में विभागीय सेमिनार कक्ष में प्रातः 11:00 बजे से 12:00 बजे तक आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रो. मीत कमल के स्वागत उद्बोधन से हुआ, जिसमें उन्होंने मुख्य अतिथि, प्राचार्य, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का हार्दिक स्वागत किया। इसके पश्चात मोहम्मद मुनीर द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

रसायन विज्ञान विभाग की प्रभारी प्रो. अनिंदिता भट्टाचार्य ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए केमिकल सोसायटी के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा की तथा उन्हें वैज्ञानिक सोच और शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।

इसके उपरांत प्रो.ज्योत्सना लाल ने राष्ट्रीय रसायन विज्ञान दिवस के महत्व एवं केमिकल सोसायटी की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। साथ ही, आचार्य प्रफुल्ल चन्द्र राय के जीवन, उनके वैज्ञानिक योगदान तथा भारतीय रसायन विज्ञान के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर आधारित एक लघु वीडियो भी प्रस्तुत किया गया।

कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विनय जॉन सेबेस्टियन ने अपने संबोधन में वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार और नैतिक मूल्यों के महत्व पर बल देते हुए विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में समर्पण एवं जिज्ञासा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि प्रो. अमर श्रीवास्तव, प्राचार्य, हर सहाय कॉलेज, कानपुर का परिचय डॉ. धनंजय डे ने कराया। अपने प्रेरणादायक व्याख्यान में प्रो. श्रीवास्तव ने आचार्य प्रफुल्ल चन्द्र राय के अमूल्य योगदान, समकालीन वैश्विक चुनौतियों के समाधान में रसायन विज्ञान की भूमिका तथा युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की आवश्यकता पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उनका व्याख्यान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा अत्यंत सराहा गया।

व्याख्यान के पश्चात प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक रसायन विज्ञान एवं अनुसंधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न रखे।

कार्यक्रम का समापन प्रो. श्वेता चन्द द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने मुख्य अतिथि, प्राचार्य, शिक्षकों, आयोजन समिति एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह आयोजन रसायन विज्ञान विभाग की वैज्ञानिक जागरूकता को बढ़ावा देने तथा आचार्य प्रफुल्ल चन्द्र राय के प्रेरणादायी योगदान को स्मरण करने की प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण रहा।

Read More »

जवाहर नवोदय विद्यालय, कानपुर नगर में कक्षा-6 प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 07 अगस्त तक बढ़ी*

दैनिक भारतीय स्वरूप कानपुर  (जिला सूचना कार्यालय) नगर, दिनांक 02 अगस्त, 2026* पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, सरसौल, कानपुर नगर के प्रभारी प्राचार्य आर. के. सिंह ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के अंतर्गत कक्षा-6 में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 07 अगस्त, 2026 कर दी गई है। ऐसे अभ्यर्थी, जिन्होंने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे निर्धारित तिथि तक अपना ऑनलाइन आवेदन पूर्ण कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न की जाएगी। प्रथम चरण में अभ्यर्थी को राज्य, जनपद, विकास खंड, विद्यालय का नाम, वास्तविक पता, अभ्यर्थी का नाम, अभिभावक का मोबाइल नंबर तथा जन्मतिथि सहित आवश्यक विवरण दर्ज करना होगा। इसके पश्चात पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त यूजर आईडी एवं पासवर्ड के माध्यम से द्वितीय चरण की प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी।
द्वितीय चरण में अभ्यर्थी का नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो, हस्ताक्षर, माता-पिता के हस्ताक्षर तथा कक्षा-5 में अध्ययनरत होने का विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा निर्गत प्रमाण-पत्र वेबसाइट पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। सभी विवरण एवं आवश्यक अभिलेख सफलतापूर्वक अपलोड होने के बाद आवेदन पत्र का प्रिंट सुरक्षित रख लेना चाहिए।
उन्होंने बताया कि प्रवेश हेतु अभ्यर्थी की जन्मतिथि 01 मई, 2015 से 31 जुलाई, 2017 (दोनों तिथियां सम्मिलित) के मध्य होनी चाहिए। अभ्यर्थी www.navodaya.gov.in तथा https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रभारी प्राचार्य ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा शनिवार, 28 नवम्बर, 2026 को आयोजित की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर लें, जिससे किसी भी प्रकार की तकनीकी असुविधा से बचा जा सके। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी एवं अभिभावक उपरोक्त वेबसाइटों का अवलोकन कर सकते हैं।

Read More »

डी जी कॉलेज में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान आयोजित

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर दयानन्द गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, कानपुर में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत : संकल्प अभियान” का आयोजन को सफलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु प्रेरित करना था। इस अवसर पर “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया, जिसमें प्रो रुचिमिता पांडे ने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों जैसे मेडिटेशन सत्र, जागरूकता कार्यक्रम, कला प्रतियोगिता , मेडिटेशन, खेलकूद एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस अभियान के शुभारंभ का सजीव प्रसारण छात्राओं ने उत्साहपूर्वक देखा तथा नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं एवं उपस्थित जनसमूह को यह शपथ दिलाई गई कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगी तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगी। इस अवसर पर “Say No to Drugs, Say Yes to Life” तथा “युवा शक्तिशाली बनेगी, विकसित भारत गढ़ेगी” जैसे प्रेरणादायक संदेशों का प्रसार किया गया। 

कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संयोजन डॉ. संगीता सिरोही (कार्यक्रम अधिकारी, एन.एस.एस.) के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. वंदना निगम तथा निदेशक (स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रम) प्रो. अर्चना वर्मा तथा कार्यालय अधीक्षक कृष्णेन्द्र श्रीवास्तव का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम को सफलतापूर्वक सम्पन्न करने में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, माय भारत वॉलंटियर्स, एन.सी.सी. इंचार्ज प्रो. शुभ्रा राजपूत, प्रेंजर प्रभारी प्रो. स्वाति सक्सेना, डॉ ज्योत्सना पांडे, डॉ पूजा श्रीवास्तव, डॉ कुमुद लता, डॉ उमा अवस्थी, डॉ अंजना श्रीवास्तव, डॉ साधना सिंह, डॉ सुषमा शर्मा, डॉ वंदना द्विवेदी, डॉ पिंकी द्विवेदी, डॉ दीपाली सक्सेना, समस्त एनएसएस समिति एवं सांस्कृतिक समिति का विशेष योगदान सराहनीय रहा।

Read More »

निपुण भारत मिशन और मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता

शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग (डीओएसईएंडएल) ने 5 जुलाई, 2021 को “समझ और संख्यात्मकता के साथ पढ़ने में प्रवीणता के लिए राष्ट्रीय पहल (निपुण भारत मिशन (एनबीएम))” नामक एक राष्ट्रीय मिशन का शुभारंभ किया, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि देश का प्रत्येक बच्चा कक्षा 2 के अंत तक अनिवार्य रूप से मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता (एफएलएन) प्राप्त कर ले।

यह मिशन, जो राष्‍ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप है, समग्र शिक्षा की केंद्र प्रायोजित योजना — स्कूली शिक्षा के लिए एक समेकित योजना — के तत्वावधान में लॉन्च किया गया है। सभी राज्य/केंद्रशासित प्रदेश निपुण भारत मिशन का कार्यान्वयन कर रहे हैं। यह पहली बार है कि 3-6 वर्ष के आयु वर्ग को 5+3+3+4 संरचना के प्रारंभिक चरण में, जिसमें 3 वर्ष की बालवाटिका तथा कक्षा 1 एवं 2 शामिल हैं, विद्यालयी व्यवस्था का हिस्सा बनाया गया है। सरकारी तथा सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में प्रारंभिक चरण के लिए राज्य-वार नामांकन का विवरण अनुबंध-I में दिया गया है।

समग्र शिक्षा के अंतर्गत निपुण भारत मिशन सहित, विभिन्न हस्तक्षेपों के कार्यान्वयन के लिए राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को उनकी आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं के आधार पर राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों द्वारा तैयार की गई समग्र शिक्षा की वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट (एडब्ल्यूपी एंड बी) के अनुसार वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। इन योजनाओं का मूल्यांकन तथा अनुमोदन/आकलन योजना के कार्यक्रमगत एवं वित्तीय मानकों के अनुसार राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के साथ परामर्श करके परियोजना अनुमोदन बोर्ड (पीएबी) द्वारा किया जाता है।

समग्र शिक्षा के लिए निधि एक समग्र रूप में जारी की जाती है। इन्‍हें कुछ शर्तों की पूर्ति के आधार पर जारी किया जाता है, जैसे व्यय की प्रगति, राज्यांश की अनुरूप प्राप्ति, लेखापरीक्षित लेखे, संचयी राज्यांश का विवरण, लंबित अग्रिमों का विवरण, अद्यतित व्यय विवरण तथा लेखापरीक्षित उपयोगिता प्रमाण-पत्र। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत (समग्र शिक्षा के भाग के रूप में) पिछले तीन वर्षों तथा चालू वर्ष के दौरान आवंटित निधियों का राज्य-वार विवरण अनुबंध-II में दिया गया है।

सार्वभौमिक मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता (एफएलएन) प्राप्त करने तथा अधिगम (लर्निंग) परिणामों में सुधार के लिए निपुण भारत मिशन के अंतर्गत निम्नलिखित विभिन्न पहलें की गई हैं:-

  • कक्षा 1 के लिए खेल-आधारित तीन माह का ‘स्कूली तैयारी मॉड्यूल एवं दिशानिर्देश’, जिसका नाम ‘विद्या प्रवेश’ है, 29 जुलाई, 2021 को प्रारंभ किया गया। विद्या प्रवेश कार्यक्रम का उद्देश्य विविध पृष्ठभूमियों (बालवाटिका, आंगनवाड़ी केंद्र (एडब्ल्यूसी), घर, निजी प्ले स्कूल आदि) से कक्षा 1 में आने वाले सभी बच्चों में स्‍कूली तैयारी को बढ़ावा देना है, जिससे उनका कक्षा 1 में सहज अंतरण सुनिश्चित हो सके। यह आनंददायक एवं प्रेरक वातावरण में खेल-आधारित, आयु तथा विकास के अनुरूप अधिगम अनुभव प्रदान करता है, जिससे बच्चे की पूर्व-साक्षरता, पूर्व-संख्यात्मकता, संज्ञानात्मक तथा सामाजिक कौशलों के साथ-साथ समग्र विकास को सुदृढ़ किया जा सके। यह कार्यक्रम पूरे देश में लागू किया जा रहा है। वर्ष 2022-23 से अब तक 8.8 लाख विद्यालयों के 5 करोड़ से अधिक विद्यार्थी इससे लाभान्वित हो चुके हैं।
  • 3 से 6 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों के लिए शिक्षण-अधिगम सामग्री (एलटीएम) के संग्रह ‘जादुई पिटारा’ (जेपी) का शुभारंभ 20 फरवरी, 2023 को किया गया। यह एक बॉक्स है, जिसमें प्रारंभिक चरण के लिए 53 शिक्षण-अधिगम सामग्री शामिल हैं, जैसे खिलौने, खेल, पहेलियां, कठपुतलियां, पोस्टर, फ्लैशकार्ड, कहानी कार्ड, विद्यार्थियों के लिए प्ले बुक सेट तथा शिक्षकों के लिए पुस्तिकाएं। जादुई पिटारा की उपयोगकर्ता पुस्तिका तथा सभी गतिविधि कार्ड, चित्र पठन पोस्टर, कहानी कार्ड और निर्देशों का 22 भाषाओं में अनुवाद किया गया है। इसमें प्रशिक्षकों के लिए ‘उन्मुख’ नामक एक प्रशिक्षक पुस्तिका भी शामिल है, जो प्रशिक्षकों के लिए एक व्यापक मार्गदर्शिका है और जिसमें 3-6 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों के लिए गतिविधियों का संकलन उपलब्ध है।
  • जादुई पिटारा (जेपी) पर आधारित ई-जादुई पिटारा (ई-जेपी) का शुभारंभ 10 फरवरी, 2024 को किया गया। ई-जेपी एक मोबाइल-आधारित एप्लिकेशन और वेबसाइट है, जो खेल-आधारित शिक्षण पद्धति पर आधारित है तथा 3 से 8 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों के लिए खेल-आधारित शिक्षण-अधिगम सामग्री (एलटीएम) के संग्रह ‘जादुई पिटारा’ के अधिगम को व्यापक रूप से प्रसारित करने का माध्यम है। इसे https://ejaaduipitara.ncert.gov.in/ पर देखा जा सकता है।
  • कक्षा 1 और 2 के लिए खेल एवं गतिविधि-आधारित पाठ्य-पुस्तकें भी तैयार की गई हैं और उन्हें राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के साथ साझा किया गया है (हिंदी– “सारंगी”, अंग्रेज़ी– “मृदंग”, गणित– “जॉयफुल मैथमेटिक्स” एवं “आनंदमय गणित”, तथा उर्दू– “शहनाई”), जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 तथा प्रारंभिक चरण के लिए राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (एनसीएफ-एफएस) की अनुशंसाओं के अनुरूप हैं।
  • मातृभाषा में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता (एफएलएन) के अधिगम के लिए 121 स्थानीय भाषाओं में प्रारंभिक पठन-पुस्तिकाएं (प्राइमर्स) विकसित की गई हैं। ये वे भाषाएं हैं, जिन्हें कम-से-कम 10,000 लोग बोलते हैं।
  • राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान के आधार पर अधिगम परिणामों के अनुरूप बालवाटिका से लेकर कक्षा 2 तक के लिए बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता (एफएलएन) के लक्ष्य विकसित किए गए हैं।
  • शिक्षकों के सतत् व्यावसायिक विकास को सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने अक्टूबर, 2020 में दीक्षा (ज्ञान साझाकरण हेतु डिजिटल अवसंरचना) मंच पर ऑनलाइन निष्ठा कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता (एफएलएन) के विकासात्मक लक्ष्यों और अधिगम परिणामों के अनुरूप पाठ्य तथा वीडियो सामग्री सहित बहुभाषी प्रशिक्षण मॉड्यूल उपलब्ध कराता है। दीक्षा पर एफएलएन के लिए एक समर्पित अनुभाग भी उपलब्ध है, जिसमें उच्च गुणवत्ता वाले अधिगम संसाधन देशभर में, सामाजिक एवं आर्थिक रूप से वंचित जिलों सहित, उपलब्‍ध हैं। वर्तमान में दीक्षा पर 133 भाषाओं (126 भारतीय भाषाएं और 7 विदेशी भाषाएं) में सामग्री उपलब्ध है, तथा निष्ठा एफएलएन एवं ईसीसीई के अंतर्गत 15.57 लाख से अधिक उपयोगकर्ता ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा कर चुके हैं।

यह जानकारी शिक्षा राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी ने आज राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में दी।

अनुबंध-I

राज्यसभा अतारांकित प्रश्न संख्या 1142, जिसका उत्तर 29.07.2026 को दिया गया, के भाग (क) एवं (ख) के उत्तर में उल्लिखित अनुबंध-I; माननीय सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी, श्री बृज लाल, डॉ. संदीप कुमार पाठक तथा श्री केसरिदेवसिंह झाला द्वारा पूछे गए “निपुण भारत मिशन और बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता” संबंधी प्रश्न के संदर्भ में

 

सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में प्रारंभिक चरण के लिए राज्य-वार नामांकन
राज्‍य/केंद्र शासित प्रदेश 2022-23 2023-24 2024-25 2025-26
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह 11,291 11,042 10,913 11,474
आंध्र प्रदेश 6,40,500 6,64,776 5,82,824 5,44,883
अरुणाचल प्रदेश 48,179 46,616 40,359 37,964
असम 13,14,702 12,22,654 11,15,213 10,35,658
बिहार 36,35,668 25,90,376 25,11,248 24,28,158
चंडीगढ़ 30,164 29,309 26,925 30,343
छत्तीसगढ़ 7,21,279 7,23,579 6,76,804 6,24,948
दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव 20,347 22,362 22,464 24,704
दिल्ली 4,50,703 4,16,484 3,85,120 3,54,797
गोवा 58,296 57,245 55,037 52,387
गुजरात 13,89,600 13,35,387 12,69,636 17,25,726
हरियाणा 3,90,089 3,04,590 3,15,643 3,24,882
हिमाचल प्रदेश 1,57,190 1,56,867 1,45,519 1,43,975
जम्मू और कश्मीर 4,02,784 4,18,042 3,90,012 3,60,676
झारखंड 11,24,858 10,56,983 9,11,220 8,54,140
कर्नाटक 12,31,328 9,96,359 9,14,375 8,91,573
केरल 9,08,195 8,79,307 8,14,291 7,49,451
लद्दाख 8,934 8,357 8,314 8,166
लक्षद्वीप 3,322 3,403 3,409 3,423
मध्य प्रदेश 17,37,576 15,28,342 12,45,396 11,82,094
महाराष्ट्र 25,85,858 24,19,182 22,26,691 22,06,774
मणिपुर 81,599 77,863 75,344 66,876
मेघालय 2,96,253 2,88,573 2,77,943 3,00,931
मिजोरम 45,663 43,612 39,308 38,971
नागालैंड 61,265 53,689 51,483 47,521
ओडिशा 10,64,315 10,08,836 9,17,659 10,51,011
पुदुचेरी 24,007 21,877 20,329 20,109
पंजाब 7,99,946 7,97,689 7,24,138 6,96,921
राजस्थान 16,49,319 13,24,618 10,54,543 10,53,570
सिक्किम 14,292 12,731 12,556 12,526
तमिलनाडु 9,78,945 8,81,865 7,93,853 7,65,646
तेलंगाना 5,07,830 4,08,333 3,69,732 3,86,831
त्रिपुरा 94,516 90,103 85,881 84,963
उत्तराखंड 48,81,250 37,37,647 28,95,290 30,32,603
उत्तर प्रदेश 1,64,080 1,40,936 1,06,552 77,636
पश्चिम बंगाल 34,85,224 35,19,543 32,71,717 31,33,498
अखिल भारतीय 3,10,19,367 2,72,99,177 2,43,67,741 2,43,65,809

स्रोत: यूडीआईएसई+

अनुबंध-II

राज्यसभा अतारांकित प्रश्न संख्या 1142, जिसका उत्तर 29.07.2026 को दिया गया, के भाग (ग) के उत्तर में उल्लिखित अनुबंध-II; माननीय सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी, श्री बृज लाल, डॉ. संदीप कुमार पाठक तथा श्री केसरिदेवसिंह झाला द्वारा पूछे गए “निपुण भारत मिशन और बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता” संबंधी प्रश्न के संदर्भ में

निपुण भारत मिशन के अंतर्गत राज्य-वार आवंटित निधि

(लाख रुपये में)

क्रम संख्‍या राज्‍य/केंद्र शासित प्रदेश 2023-24 2024-25 2025-26 2026-27
कुल योग 3,83,290.85 4,60,780.93 2,81,690.24 4,19,572.53
1 अंडमान और निकोबार द्वीप समूह 866.74 764.23 836.32 837.88
2 आंध्र प्रदेश 6,184.48 7,842.35 3,732.30 7,455.05
3 अरुणाचल प्रदेश 3,596.81 3,704.90 3,514.69 839.3
4 असम 13,800.57 34,663.28 7,068.95 16,510.92
5 बिहार 48,337.02 65,361.86 25,385.06 60,614.96
6 चंडीगढ़ 483.79 406.52 372.62 450.92
7 छत्तीसगढ़ 15,886.90 17,678.32 7,506.32 11,841.47
9 दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव 1,046.74 1,018.90 1,003.29 928.55
8 दिल्ली 6,428.72 8,553.69 5,577.95 7,072.44
10 गोवा 296.94 293.58 49.49 43.99
11 गुजरात 11,135.59 13,461.54 13,120.29 13,438.93
12 हरियाणा 11,755.65 9,737.24 2,301.23 5,302.37
13 हिमाचल प्रदेश 11,526.46 15,288.30 14,986.39 14,158.11
14 जम्मू और कश्मीर 19,390.83 18,399.82 15,955.20 11,974.55
15 झारखंड 11,939.48 15,334.93 6,119.98 20,321.90
16 कर्नाटक 10,044.22 9,463.97 9,397.99 21,140.29
17 केरल 5,250.79 5,631.18 3,666.76 3,610.35
18 लद्दाख 2,131.85 752.75 758.37 681.35
19 लक्षद्वीप 30.7 44.21 46.36 36.66
20 मध्य प्रदेश 32,797.48 43,175.68 15,572.15 26,147.31
21 महाराष्ट्र 21,853.42 18,918.77 7,905.88 20,714.46
22 मणिपुर 4,121.95 4,589.13 1,895.21 2,105.18
23 मेघालय 4,884.50 1,082.32 1,203.50 143.6
24 मिजोरम 1,655.45 1,370.69 1,315.08 1,214.12
25 नागालैंड 4,591.07 982.64 389.16 665.65
26 ओडिशा 15,000.99 15,060.12 29,408.09 27,811.61
27 पुदुचेरी 775.64 174.87 113.65 307.72
28 पंजाब 10,162.88 14,894.76 12,281.56 11,970.94
29 राजस्थान 15,156.90 15,379.14 5,682.64 15,437.26
30 सिक्किम 1,835.15 1,157.59 753.7 883
31 तमिलनाडु 13,086.10 16,917.51 5,462.43 12,279.21
32 तेलंगाना 2,753.43 4,421.39 8,148.11 4,990.27
33 त्रिपुरा 1,939.47 2,166.86 1,241.07 1,762.33
34 उत्तराखंड 4,571.27 5,085.57 2,285.12 4,043.02
35 उत्तर प्रदेश 53,987.75 66,364.13 55,996.36 85,487.14
36 पश्चिम बंगाल 13,983.12 20,638.20 10,637.00 6,349.71

Read More »