Breaking News

देश प्रदेश

श्रीलंका में चमकी कानपुर की प्रियांशी, भारत को दिलाया टी-20 डेफ सीरीज का खिताब

चार मैचों में झटके छह विकेट, विजेता भारतीय टीम की खिलाड़ी को डीएम ने क्रिकेट किट देकर किया सम्मानित

दैनिक भारतीय स्वरूप कानपुर नगर । श्रीलंका की धरती पर कानपुर की बेटी प्रियांशी दीक्षित ने अपनी गेंदबाजी से छाप छोड़ते हुए देश और शहर का नाम रोशन किया है। भारतीय महिला बधिर क्रिकेट टीम ने महिला टी-20 डेफ सीरीज-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी मुकाबले जीतकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत में कानपुर की 20 वर्षीय प्रियांशी ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने चार मैचों में छह विकेट झटके। सोमवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने प्रियांशी को क्रिकेट किट प्रदान कर सम्मानित किया।

गोपाल नगर, सैनिक चौराहा, यशोदा नगर निवासी प्रियांशी गौतम बुद्ध महाविद्यालय, सिद्धार्थ नगर, नौबस्ता में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं। पढ़ाई के साथ क्रिकेट के मैदान पर अपनी प्रतिभा निखार रहीं प्रियांशी को भारतीय महिला बधिर क्रिकेट टीम में देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला तो उन्होंने अपनी गेंदबाजी से इसे यादगार बना दिया।

श्रीलंका के डी सोयसा पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में सात से 13 जुलाई तक आयोजित महिला टी-20 डेफ सीरीज-2026 में भारत और श्रीलंका की टीमों ने प्रतिभाग किया। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाए रखा और सभी मुकाबलों में जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम की। प्रियांशी ने चार मुकाबलों में छह विकेट लेकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

*क्रिकेट किट देकर बढ़ाया हौसला*

सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने प्रियांशी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें क्रिकेट किट प्रदान की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रियांशी की उपलब्धि पूरे कानपुर के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता जनपद के युवाओं, विशेषकर बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा के दम पर नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने भी प्रियांशी को भारतीय टीम की जीत में योगदान के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

*कानपुर से श्रीलंका तक छोड़ी अपनी छाप,*

महज 20 वर्ष की उम्र में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व और अंतरराष्ट्रीय सीरीज की विजेता टीम का हिस्सा बनना प्रियांशी की उपलब्धि को खास बनाता है। श्रीलंका में छह विकेट लेकर उन्होंने न सिर्फ भारतीय टीम की जीत में अपनी भूमिका निभाई, बल्कि यह भी साबित किया कि प्रतिभा को अवसर मिले तो चुनौतियां उसके कदम नहीं रोक सकतीं। अब प्रियांशी की निगाहें क्रिकेट के मैदान पर आगे की उपलब्धियों पर हैं।

Read More »

अपंजीकृत कीटनाशक युक्त अगरबत्तियों की बिक्री एवं प्रयोग से बचने की अपील

अपंजीकृत कीटनाशक युक्त अगरबत्तियों की बिक्री एवं प्रयोग से बचने की अपील*

दैनिक भारतीय स्वरूप कानपुर नगर। जिला कृषि रक्षा अधिकारी, कानपुर नगर अरूणेश प्रताप सिंह ने अवगत कराया है कि उत्तर प्रदेश शासन तथा कृषि निदेशालय, उत्तर प्रदेश, कृषि रक्षा अनुभाग, लखनऊ के निर्देशों के माध्यम से अवगत कराया गया है कि प्रदेश में ऐसी अगरबत्तियों का निर्माण एवं बिक्री की जा रही है, जिनमें अपंजीकृत कीटनाशक, विशेष रूप से Dimefluthrin एवं Meperfluthrin का प्रयोग किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि उक्त अगरबत्तियां Sweet Night, Dinosaur एवं Comfort ब्राण्ड के नाम से बाजार में विक्रय की जा रही हैं। ऐसी अगरबत्तियों का निर्माण एवं विक्रय कीटनाशी अधिनियम, 1968 तथा कीटनाशी नियमावली, 1971 की धारा 9(3) एवं 18(ए) के प्रावधानों का उल्लंघन है।

जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने जनपद के समस्त कीटनाशक विक्रेताओं, पेस्ट कंट्रोल ऑपरेटर्स तथा किराना दुकानदारों को सचेत किया है कि यदि उनके प्रतिष्ठान पर Dimefluthrin एवं Meperfluthrin युक्त उक्त ब्राण्ड की अगरबत्तियों का स्टॉक पाया जाता है, तो संबंधित के विरुद्ध कीटनाशी अधिनियम, 1968 एवं कीटनाशी नियमावली, 1971 के प्रावधानों के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि अपंजीकृत कीटनाशक युक्त ऐसी अगरबत्तियों का प्रयोग कदापि न करें, क्योंकि इनके प्रयोग से स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उपभोक्ता ऐसी अगरबत्तियों की खरीद एवं उपयोग से बचें तथा संदिग्ध उत्पाद पाए जाने पर संबंधित विभाग को इसकी सूचना दें।

Read More »

बाल गृह की बेटियों के हुनर से सजा रक्षाबंधन, हाथों से तैयार कीं राखियां

कलेक्ट्रेट में लगा विशेष स्टॉल, राखियों के साथ तैयार कीं रोली-चावल की पोटलियां

दैनिक भारतीय स्वरूप कानपुर नगर। रक्षाबंधन पर इस बार राजकीय बाल गृह की बेटियों के हुनर की झलक भी देखने को मिल रही है। राजकीय बाल गृह यूनिट-1 एवं यूनिट-2 की बालिकाओं ने अपने हाथों से आकर्षक राखियां और रोली-चावल की पोटलियां तैयार की हैं। सोमवार को इन हस्तनिर्मित राखियों का विशेष स्टॉल कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में लगाया गया। बालिकाओं की यह पहल उनके कौशल को निखारने के साथ भविष्य में उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा है।

अचिंत्य फाउंडेशन द्वारा संचालित कौशल विकास कार्यक्रम के तहत बाल गृह की बालिकाओं को प्रोफेशनल एम्ब्रॉयडरी के साथ सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यक्रम का प्रायोजन भी फाउंडेशन की ओर से किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान सीखे हुनर का इस्तेमाल करते हुए बालिकाओं ने रक्षाबंधन के लिए राखियां तैयार कीं। इसके साथ ही रोली और चावल की आकर्षक पोटलियां भी बनाई गई हैं।

जिला प्रशासन की ओर से इस कौशल विकास कार्यक्रम को सहयोग दिया जा रहा है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बालिकाओं के कौशल विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को प्रोत्साहित किया है। इसका उद्देश्य प्रशिक्षण को केवल गतिविधि तक सीमित न रखकर बालिकाओं को ऐसा हुनर देना है, जिसका भविष्य में वे आजीविका के लिए भी उपयोग कर सकें।

राखियां तैयार करने की इस गतिविधि के माध्यम से बालिकाओं में रचनात्मकता और आत्मविश्वास बढ़ाने का भी प्रयास किया गया है। राजकीय बाल गृह यूनिट-1 एवं यूनिट-2 में बालिकाओं के साथ रक्षाबंधन का पर्व भी मनाया जाएगा। इस दौरान बालिकाओं द्वारा स्वयं तैयार की गई राखियों का उपयोग किया जाएगा।
यह पहल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के महिला एवं बालिका सशक्तीकरण, सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के विजन तथा मिशन शक्ति की भावना से भी जुड़ी है। कौशल विकास कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को प्रशिक्षण देकर भविष्य में अपने पैरों पर खड़े होने योग्य बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

अजित फाउंडेशन की ओर से समाज के वंचित एवं संवेदनशील वर्ग के बच्चों को कौशल और अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है, ताकि प्रशिक्षण के माध्यम से उनमें आत्मविश्वास विकसित हो और वे भविष्य में आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ सकें। इस दौरान अचिन्त्य चैरिटेबल फाउंडेशन की निदेशक दिशा अरोड़ा भी मौजूद रहीं।

Read More »

विद्यालय परिसरों से हटेंगी हाईटेंशन और एलटी लाइनें, पहले चरण में 93 स्कूल चिह्नित

विद्युत लाइनें होंगी स्थानांतरित, डीएम ने स्थलीय सत्यापन के दिए निर्देश

दैनिक भारतीय स्वरूप कानपुर नगर।  विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए विद्यालय परिसरों से होकर गुजर रही हाईटेंशन (एचटी) और लो टेंशन (एलटी) विद्युत लाइनों को हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा। शासन के निर्देश पर जनपद में गठित समिति ने पहले चरण में ऐसे 93 विद्यालय चिह्नित किए हैं, जहां विद्युत लाइनों को स्थानांतरित किए जाने की आवश्यकता है। सोमवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हुई समिति की बैठक में चिह्नित विद्यालयों का स्थलीय सत्यापन शीघ्र पूरा कर कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए।

शासन ने प्रदेश में संचालित परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के साथ माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के परिसरों से गुजर रही एचटी और एलटी विद्युत लाइनों को हटाने एवं स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय परिसर से गुजरने वाली विद्युत लाइनें विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए जोखिम पैदा कर सकती हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में ऐसे मामलों में राजकीय अथवा सहायता प्राप्त विद्यालयों के परिसर से गुजर रही एचटी एवं एलटी विद्युत लाइनों को निःशुल्क स्थानांतरित करने की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में गठित समिति ने प्रथम चरण में 93 विद्यालयों का चिन्हांकन किया है। इन विद्यालयों में विद्युत लाइनों को स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को स्थलीय सत्यापन शीघ्र पूरा करने और विद्युत विभाग सहित संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में लगभग 134 राजकीय एवं सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय हैं। इन विद्यालयों के भवन परिसर, खेल मैदान अथवा अन्य स्थानों से एचटी या एलटी विद्युत लाइन गुजर रही हो तो उसका स्थलीय सत्यापन कराया जाए। ऐसे सभी विद्यालयों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। शासन द्वारा विद्युत लाइनों को निःशुल्क स्थानांतरित किए जाने की सुविधा दी गई है, इसलिए कोई भी पात्र विद्यालय इससे वंचित नहीं रहना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिह्नित विद्यालयों का स्थलीय सत्यापन शीघ्र पूरा किया जाए। जहां विद्युत लाइन स्थानांतरित करने की आवश्यकता है, वहां संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्रवाई करें और शासन के निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों से भी अपील की कि उनके क्षेत्र के किसी विद्यालय परिसर, भवन अथवा खेल मैदान से हाईटेंशन या लो टेंशन विद्युत लाइन गुजर रही हो तो इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराएं। सूचना का स्थलीय सत्यापन कर विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन सहित दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, केस्को तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Read More »

25 अगस्त को कानपुर में राज्य महिला आयोग की सदस्य करेंगी महिला जनसुनवाई

महिलाओं की शिकायतों की होगी सुनवाई, महिला कल्याण योजनाओं की भी होगी समीक्षा*

दैनिक भारतीय स्वरूप कानपुर नगर, दिनांक 24 अगस्त, 2026 (सू0वि0)। जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह ने अवगत कराया कि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी एवं अनिता गुप्ता द्वारा 25 अगस्त, 2026 को जनपद कानपुर नगर में महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।

महिला जनसुनवाई 25 अगस्त को प्रातः 11:00 बजे सर्किट हाउस सभागार में आयोजित होगी। जनसुनवाई में महिलाओं से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों को सुना जाएगा तथा उनके प्रभावी एवं त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

जनसुनवाई के उपरांत विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ महिला कल्याण से संबंधित संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। बैठक में महिलाओं एवं बच्चों के पोषण, महिला सुरक्षा, कल्याण तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।

राज्य महिला आयोग की सदस्य संबंधित विभागों द्वारा महिलाओं के हित में संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगी, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।

जनपद की महिलाएं अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के निस्तारण के लिए 25 अगस्त को प्रातः 11:00 बजे सर्किट हाउस सभागार में आयोजित महिला जनसुनवाई में उपस्थित होकर अपनी शिकायत प्रस्तुत कर सकती हैं।

Read More »

12 सितंबर को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलह-समझौते के आधार पर होगा मामलों का निस्तारण

28 अगस्त और 1 सितंबर को संबंधित न्यायालयों में होगा प्री-ट्रायल, पक्षकार उपस्थित होकर दे सकते हैं सहमति*

दैनिक भारतीय स्वरूप कानपुर नगर। पूर्णकालिक सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर नगर अभिनव तिवारी ने अवगत कराया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशन एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा प्रेषित पत्र के क्रम में माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर नगर की अध्यक्षता में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 सितंबर 2026, दिन शनिवार को दीवानी न्यायालय परिसर, कानपुर नगर में किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, सिविल वाद, पारिवारिक वाद, बैंक ऋण वसूली वाद, परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) से संबंधित वाद तथा राजस्व संबंधी मामलों सहित अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए 28 अगस्त 2026 एवं 1 सितंबर 2026 को संबंधित न्यायालयों में प्री-ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। संबंधित वादों का प्री-ट्रायल उसी न्यायालय में किया जाएगा, जहां वाद विचाराधीन है। वादी एवं प्रतिवादी अपने मामले का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने के लिए निर्धारित तिथि को प्री-ट्रायल में उपस्थित होकर न्यायालय के समक्ष अपनी सहमति प्रस्तुत कर सकते हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संबंधित वादकारियों से अपील की है कि वे प्री-ट्रायल में उपस्थित होकर आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के माध्यम से अपने मामलों का निस्तारण कराएं, जिससे आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाया जा सके।

Read More »

स्कूलों में चला सफाई अभियान, परिसर से छत तक हुई साफ-सफाई

डीएम के निर्देश पर विद्यालयों में उतरीं टीमें, कक्षों और शौचालयों की सफाई के साथ हुआ कूड़े का निस्तारण 

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर, बच्चों को स्वच्छ और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को जनपद की प्रत्येक न्याय पंचायत में चयनित शासकीय विद्यालयों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर सफाई कर्मियों की टीमों ने विद्यालय परिसर से लेकर कक्षों, शौचालयों, बाउंड्रीवाल और छतों तक की व्यापक सफाई की। अभियान के दौरान विद्यालय परिसरों में उगी घास और झाड़ियों की कटाई कर एकत्र कूड़े का निस्तारण कराया गया। कक्षों एवं शौचालयों की सफाई के साथ जलभराव वाले स्थानों पर पानी की निकासी सुनिश्चित की गई। विद्यालयों की छतों पर उगी घास एवं अन्य वनस्पतियों को हटाया गया, ताकि बरसात के दौरान जल निकासी बाधित न हो और भवन में सीलन अथवा पानी के रिसाव की समस्या उत्पन्न न हो। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान में सभी खंड विकास अधिकारियों, सहायक विकास अधिकारियों पंचायत, खंड शिक्षा अधिकारियों एवं बाल विकास परियोजना अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। सफाई कार्य की निगरानी के लिए विकास भवन में कॉल सेंटर स्थापित किया गया, जहां से जनपद के विभिन्न विद्यालयों में संचालित अभियान की मॉनीटरिंग की गई। जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार ने चौबेपुर विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय चौबेपुर द्वितीय और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिओम सिंह ने प्राथमिक विद्यालय गंभीरपुर का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। सहायक विकास अधिकारी पंचायत शिवराजपुर ने प्राथमिक विद्यालय बैरी एवं कंपोजिट विद्यालय दुबियाना का निरीक्षण किया। जनपद स्तरीय अधिकारियों ने भी चयनित विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर सफाई कार्य की गुणवत्ता परखी। जनपद के अन्य सभी शासकीय विद्यालयों में भी सफाई कर्मियों की टीम गठित कर रोस्टर के अनुसार नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि बच्चों को स्वच्छ एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रत्येक विद्यालय परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के साथ इसकी लगातार मॉनीटरिंग भी की जाएगी। विद्यालयों की स्वच्छता में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Read More »

“थिएटर बनाम फिल्म एक्टिंग” विषय पर वेबिनार आयोजित

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर, 23 अगस्त: क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर द्वारा द इंडी फिल्म स्कूल, नोएडा के सहयोग से अभिनय की विभिन्न विधाओं एवं तकनीकों को समझने के उद्देश्य से “Theatre vs Film Acting – Understanding the Difference” विषय पर एक विशेष वेबिनार का आयोजन किया गया। वेबिनार का मुख्य उद्देश्य थिएटर और फिल्म अभिनय के बीच के अंतर को समझना तथा दोनों माध्यमों में अभिनय की तकनीक, अभिव्यक्ति, भावनाओं और प्रदर्शन की आवश्यकताओं पर प्रकाश डालना था। कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को मंच और कैमरे के सामने अभिनय करते समय अपनाई जाने वाली विभिन्न तकनीकों एवं दृष्टिकोणों की जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर सुनील राज ने मुख्य वक्ता एवं मार्गदर्शक के रूप में प्रतिभागियों को संबोधित किया। वे एक अनुभवी निर्देशक, लेखक एवं थिएटर प्रैक्टिशनर हैं तथा उन्हें टेलीविजन, थिएटर और फिल्म निर्माण के क्षेत्र में 30 से अधिक वर्षों का अनुभव है। उन्होंने लगभग 1,000 टेलीविजन एपिसोड का निर्देशन किया है, जिनमें ETV’s Sooroma Bhopale और Maahaul Garam Hai जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने वेब सीरीज़ Main Bhi Maa Ban Gaya का लेखन एवं निर्देशन किया है तथा 25 से अधिक डॉक्यूमेंट्री और 35 से अधिक फिल्मों/प्रोजेक्ट्स पर भी कार्य किया है।

कार्यक्रम में थिएटर एवं फिल्म अभिनय के बीच के अंतर, अभिनय की तकनीकों, भावनात्मक अभिव्यक्ति, प्रदर्शन शैली तथा कैमरे और मंच के लिए कलाकारों की तैयारी जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई। वेबिनार ने अभिनय के क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को व्यावहारिक दृष्टिकोण से सीखने और अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने का अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम का आयोजन प्रो. विनय जॉन सेबेस्टियन, प्रधानाचार्य, क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के समन्वय में प्रो. मीत कमल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कॉलेज की ओर से डॉ. रुक्मिणी देवी एवं डॉ. एरिक विल्सन सह-समन्वयक रहे।

वहीं, द इंडी फिल्म स्कूल, नोएडा की ओर से इसके संस्थापक श्री संक्षय बाब्बर तथा सह-संस्थापक शिवेंद्र त्रिवेदी का भी सहयोग रहा।

यह वेबिनार विद्यार्थियों एवं उभरते कलाकारों के लिए एक उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक पहल रहा, जिसने उन्हें “From Stage to Screen” अभिनय की यात्रा को समझने तथा अपने अभिनय कौशल को निखारने की दिशा में प्रेरित किया।

वालंटियर के रूप में – आदर्श चौहान, जागृति गुप्ता, इल्मा तबस्सुम, खुशबू गौतम, ऐश सोनकर, आद्या गुप्ता, मरियम फातिमा, अलीशा नाज, शुभंकित दुबे, श्वेता सिंह, दीपसी श्रीवास्तव उपस्थित रहेंl

Read More »

क्राइस्ट चर्च कॉलेज के करियर काउंसलिंग सेल और आईडीएफसी बैंक के संयुक्त तत्वाधान में प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर करियर काउंसलिंग सेल, क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर द्वारा आईडीएफसी बैंक के सहयोग से दिनांक 17 अगस्त 2026 को एक प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया।यह पूरा कार्यक्रम प्राचार्य प्रोफ़ेसर विनय जॉन सेबेस्टियन के मार्गदर्शन मे हुआ। जिसका मुख्य उद्देश्य अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को बैंकिंग क्षेत्र में रोजगार एवं बेहतर करियर के अवसरों से अवगत कराना तथा उन्हें रोजगार के लिए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान करना था। इस प्लेसमेंट ड्राइव में 50 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ करियर काउंसलिंग सेल की समन्वयक प्रो. मीत कमल द्वारा मुख्य वक्ता मोहम्मद उजैर सर, आईडीएफसी बैंक के प्रतिनिधि एवं संकाय सदस्य, के परिचय के साथ हुआ। अपने प्रेरणादायी संबोधन में मोहम्मद उजैर सर ने विद्यार्थियों को बैंकिंग क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं करियर के अवसरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने डिजिटल बैंकिंग के उभरते आयामों, बैंक के संगठनात्मक ढाँचे, विभिन्न कार्यक्षेत्रों तथा भविष्य में करियर विकास की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को बैंकिंग क्षेत्र में अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।

प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपने प्रश्न पूछे, जिनका मोहम्मद उजैर सर ने सरल, प्रभावी एवं संतोषजनक ढंग से समाधान किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता एवं उत्साह देखने को मिला।

सम्पूर्ण प्लेसमेंट ड्राइव के सफल आयोजन में करियर काउंसलिंग सेल की समन्वयक प्रो. मीत कमल की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण उपस्थिति और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में आईडीएफसी बैंक द्वारा विद्यार्थियों के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया सफलतापूर्वक आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रकार प्लेसमेंट ड्राइव सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

Read More »

क्राइस्ट चर्च कॉलेज में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत देशभक्ति संगीत कार्यक्रम आयोजित

भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर क्राइस्ट चर्च कॉलेज, में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत सरवपल्ली राधाकृष्णन सभागार में भव्य देशभक्ति संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की सह-पाठ्यक्रम समिति (Co-Curricular Committee) द्वारा विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम तथा राष्ट्रसेवा में समर्पित जवानों एवं कर्मियों के प्रति कृतज्ञता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से किया गया। अभियान के प्रथम चरण के अंतर्गत 8 अगस्त को विद्यार्थियों ने सेना एवं पुलिस के जवानों और कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पत्र लिखे थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य *श्री विनय जॉन सेबेस्टियन* ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता तथा युवाओं में देश के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ देशभक्ति भाव से ओत-प्रोत परिचय एवं *डॉ. श्वेता मिश्रा* के स्वागत संबोधन से हुआ। कार्यक्रम का संचालन अंशिका शुक्ला एवं प्रियांशी जायसवाल ने उत्साहपूर्वक किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के क्रम में *भूमि सागर* ने मनमोहक एकल नृत्य प्रस्तुत किया। इसके पश्चात *खुशी गुप्ता, शरद मैसी, अली, सार्थक श्रीवास्तव* सहित अन्य विद्यार्थियों ने एकल एवं सामूहिक देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने सभागार को देशभक्ति के भाव से भर दिया और दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का समापन *डॉ. अंकिता पांडेय* द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले महाविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों, आयोजन समिति एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा एकता, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को सदैव बनाए रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को सुदृढ़ करने के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

Read More »