28 अगस्त और 1 सितंबर को संबंधित न्यायालयों में होगा प्री-ट्रायल, पक्षकार उपस्थित होकर दे सकते हैं सहमति*
दैनिक भारतीय स्वरूप कानपुर नगर। पूर्णकालिक सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर नगर अभिनव तिवारी ने अवगत कराया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशन एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा प्रेषित पत्र के क्रम में माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर नगर की अध्यक्षता में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 सितंबर 2026, दिन शनिवार को दीवानी न्यायालय परिसर, कानपुर नगर में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, सिविल वाद, पारिवारिक वाद, बैंक ऋण वसूली वाद, परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) से संबंधित वाद तथा राजस्व संबंधी मामलों सहित अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए 28 अगस्त 2026 एवं 1 सितंबर 2026 को संबंधित न्यायालयों में प्री-ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। संबंधित वादों का प्री-ट्रायल उसी न्यायालय में किया जाएगा, जहां वाद विचाराधीन है। वादी एवं प्रतिवादी अपने मामले का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने के लिए निर्धारित तिथि को प्री-ट्रायल में उपस्थित होकर न्यायालय के समक्ष अपनी सहमति प्रस्तुत कर सकते हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संबंधित वादकारियों से अपील की है कि वे प्री-ट्रायल में उपस्थित होकर आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के माध्यम से अपने मामलों का निस्तारण कराएं, जिससे आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाया जा सके।
भारतीय स्वरुप दैनिक ई-पेपर