भारतीय स्वरूप संवाददाता कानपुर। दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, कानपुर के रोड सेफ़्टी क्लब द्वारा मलिन बस्तियों में जनमानस को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु एक व्यापक जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य छात्र–छात्राओं, महाविद्यालय कर्मचारियों तथा अभिभावकों के मध्य सड़क सुरक्षा संबंधी नियमों व सावधानियों का प्रचार-प्रसार करना रहा।
अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली, शपथ कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक एवं जनसंपर्क गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के संकल्प लिए। रैली के माध्यम से स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
यह कार्यक्रम समिति सदस्य डॉ. अंजना श्रीवास्तव के कुशल निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम को महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर वंदना निगम का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। साथ ही एन.सी.सी. के सहयोग से अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का शपथपूर्वक संकल्प लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन से महाविद्यालय की सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।
भारतीय स्वरुप दैनिक ई-पेपर