भारतीय संस्कृति में मृत्यु के बाद भीअव्यक्त जीवन की अवधारणा है| जिसके अनुसार मृत्योपरान्त सिर्फ शरीर नष्ट होता है, शरीर को सक्रिय रखने वाला तत्व आत्मा कभी भी समाप्त नहीं होता| बल्कि एक समय अन्तराल के बाद वह पुनः नया शरीर धारण कर लेता है| श्रीमद्भगवतगीता के अध्याय दो के श्लोक संख्या 13 और 22 के अनुसार ‘देहिनोSस्मिनयथा देहे कौमारं यौवनं जरा| तथा देहान्तरप्राप्तिर्धीरस्तत्र च मुह्यति|| अर्थात जैसे जीवात्मा की इस देह में बालकपन, जवानी और वृद्धावस्था होती है, वैसे ही अन्य शरीर की प्राप्ति होती है; उस विषय में धीर पुरुष मोहित नहीं होता|’, ‘वासांसि जीर्णानि यथा विहाय नवानि गृह्णाति नरोSपराणि| तथा शरीराणि विहाय जीर्णान्यन्यानि संयाति नवानि देही| अर्थात जैसे मनुष्य पुराने वस्त्रों को त्यागकर दूसरे नये वस्त्रों को ग्रहण करता है, वैसे ही जीवात्मा पुराने शरीर को त्यागकर दूसरे नये शरीर को प्राप्त होता है|’ जीवात्मा की व्यक्त-अव्यक्त चक्रीय स्थिति का विस्तृत वर्णन गरुड़ महापुराण के उत्तर खण्ड में मिलता है| अन्य पुराणों, स्मृतियों तथा उपनिषद आदि में भी इस बारे में वृहद् ज्ञान दिया गया है| गरुड़ महापुराण के उत्तर खण्ड के अध्याय 10 के अनुसार मृत्यु के बाद मृतक को मृत्यु स्थान पर शव, वहां से उठाकर द्वार पर रखने के बाद पान्थ, श्मशान के अर्धमार्ग पर भूत, चिता में रखने के बाद साधक तदोपरान्त प्रेत की संज्ञा देते हुए पिण्ड प्रदान किया जाता है| अध्याय 13 के अनुसार बारहवें दिन सपिण्डीकरण अर्थात सपिण्डन क्रिया द्वारा मृत व्यक्ति का पिण्ड तीन भागों में विभक्त करके वसु, रूद्र और आदित्य स्वरुप उसके पिता, पितामह तथा प्रपितामह के पिण्ड के साथ मिला दिया जाता है| इसके बाद वह व्यक्ति प्रेत संज्ञा से मुक्त होकर पितरों की श्रेणी में प्रवेश पा जाता है: ‘प्रेतनाम परित्यज्य यया पितृगणे विशेत्|’ जिनका सपिण्डीकरण नहीं किया जाता है, उनके पुत्रों द्वारा प्रदत्त अनेकविध दान आदि उन्हें प्राप्त नहीं होते और उनका पुत्र सदैव अशुद्ध बना रहता है| क्योंकि सपिण्डीकरण किये बिना सूतक समाप्त नहीं होता है| ‘न पिण्डो मिलितो येषां पितामहशिवादिषु| नोपतिष्ठन्ति दानानि पुत्रैर्दत्तान्यनेकधा|| अशुद्धः स्यात्सदा पुत्रो न शुद्धयति कदाचन| सूतकं न निवर्तेत सपिण्डीकरणं विना|| (ग.पु./उ.ख./13/3,4)’| गरुड़ महापुराण के उत्तर खण्ड के अध्याय 13 में सपिण्डीकरण की सम्पूर्ण विधि और उसके फल के बारे में विस्तार से बताया गया है| इसी अध्याय में यह भी कहा गया है कि सपिण्डीकरण के दिन से लेकर एक वर्ष तक मृत्यु की तिथि पर पाक्षिक, मासिक तथा वार्षिक श्राद्ध अर्थात पिण्ड, अन्न एवं जलपूर्ण घट आदि का दान जीवात्मा की अक्षय तृप्ति के लिए करना चाहिए| लेकिन वर्तमान समय में आपाधापी भरे जीवन के चलते किसी के पास इतना समय नहीं है कि वह पाक्षिक और मासिक श्राद्ध कर सके| परन्तु पितृ पक्ष में वार्षिक श्राद्ध करने की परम्परा है|
भादों माह की पूर्णिमा से लेकर अश्विन माह की अमावस्या तक 16 दिन का समय पितृ पक्ष के नाम से जाना जाता है| इन दिनों में लोग अपने मृत परिजन की तृप्ति के निमित्त प्रतिदिन जलांजलि देते हैं तथा उनकी मृत्यु तिथि पर पिण्डदान, ब्राह्मण भोजन एवं क्षमतानुसार धन आदि का दान करते हैं| गरुड़ महापुराण के पूर्व खण्ड के अध्याय 212 के श्लोक संख्या एक और दो के अनुसार मृत्यु के एक वर्ष पर्यन्त पुनः सपिण्डीकरण की क्रिया सम्पन्न होनी चाहिए| जिसे सपिण्डीकरण श्राद्ध कहते हैं| यह यथा काल किये जाने पर प्रेत को पितृ लोक का लाभ प्राप्त होता है, इसे अपरान्ह में करना चाहिए: ‘सपिण्डीकरणं वक्ष्ये पूर्णेब्दे तत्क्षयेSहनि| कृतं सम्यगयथाकाले प्रेतादे: पितृलोकदम|| सपिण्डीकरणं कुर्य्यादपराह्ने तु पूर्ववत्|’ लेकिन जानकारी के अभाव में प्रायः लोग स्वजन की मृत्यु के प्रथम वर्ष के पितृपक्ष में इसे सम्पन्न करते हैं| वहीं कुछ लोग तीसरे वर्ष के पितृपक्ष में सपिण्डीकरण श्राद्ध करते हैं| इसे आम आदमी की भाषा में मृत परिजन को पितरों या पुरखों में मिलाना कहा जाता है| अध्याय 212 के श्लोक संख्या 10 में सपिण्डीकरण श्राद्ध, श्राद्धकर्ता तथा श्राद्धफल को विष्णुरूप बताया गया है| ‘श्राद्धं विष्णुः श्राद्धकर्ता फलं श्राद्धादिकं हरिः||’ इसी अध्याय में वार्षिक सपिण्डीकरण श्राद्ध की सम्पूर्ण विधि वर्णित है| उत्तर खण्ड के अध्याय 13 के श्लोक संख्या 129, 130 तथा 131 में बताया गया है कि जो मनुष्य श्राद्ध, दान आदि विधिपूर्वक करता है उसको पिता द्वारा सच्चरित्र पुत्र, पितामह द्वारा गोधन, प्रपितामह द्वारा विविध धन-सम्पत्ति और वृद्ध प्रपितामह द्वारा प्रचुर अन्न आदि प्राप्त होता है| श्राद्ध से तृप्त होकर सभी पितर पुत्र को मनोवांछित फल देकर धर्म मार्ग से धर्मराज के भवन में जाते हैं| वहाँ वे धर्म सभा में परम आदरणीय होकर विराजमान होते हैं: ‘पिता ददाति सत्पुत्रान् गोधनानि पितामह:| धनदाता भवेत्सोSपि यस्तस्य प्रपितामह:|| दद्याद् विपुलमन्नाद्यं वृद्धस्तु प्रपितामह:| तृप्ताः श्राद्धेन सर्वे दत्त्वा पुत्रस्य वांछितम्||’ वहीँ पूर्व खण्ड के अध्याय 99 के श्लोक संख्या 35 से 39 तक में बताया गया है कि जो लोग पितृपक्ष में नित्य पितरों का सविधि श्राद्ध करते हैं वे पुत्र श्रेष्ठ स्थिति, सौभाग्य, समृद्धि, राज्य, आरोग्य, अपने समाज में श्रेष्ठत्व, वाणिज्य में प्रभूतलाभ तथा अनेक शुभ फल पाते हैं| यशस्वी तथा शोकहीन होकर अन्ततः परम गति प्राप्त करते हैं| वे ऐश्वर्य, विद्या, वाक्सिद्धि, ताम्र आदि धातु, गौ, अश्व आदि सम्पदा पाते हैं तथा उनकी आयु बढ़ती है|
चौखम्भा कृष्णदास अकादमी वाराणसी द्वारा प्रकाशित गरुड़महापुराण के भूमिका लेखक डॉ.महेश चन्द्र जोशी ने अपने लेख में विभिन्न पुराणों, स्मृतियों तथा महाभारत आदि ग्रन्थों से उधृत श्लोकों के माध्यम से प्रेत योनि के बारे में विस्तार से बताया है| जिन मनुष्यों की मृत्यु होने पर दाह संस्कार आदि क्रियाएँ नहीं होतीं और जो पलंग आदि (अन्तरिक्ष) में देहत्याग करते हैं, वे निश्चयमेव प्रेत होते हैं| प्रायः वे मनुष्य भी प्रेत होते हैं, जिनकी अन्त्येष्टि सम्यक रूप से नहीं हो पाती, जिनके सपिण्डीकरण श्राद्ध तक के कृत्य नहीं हो पाते तथा जिन मनुष्यों का निधन अपमृत्यु के कारण होता है, जो मनुष्य स्वधर्म त्यागकर विभिन्न प्रकार के पाप करते हैं, अनैतिक और अन्यायी हैं, धर्म विरुद्ध आचरण करते हैं, स्वेच्छाचारी होकर लोभवश अपने कुलधर्म को त्यागकर अन्य देश का धर्म अपना लेते हैं, अपने हितैषी गुरु तथा धर्मोपदेश करने वाले आचार्य के बचनों का पालन नहीं करते, पाखण्ड करते हैं, परस्त्रीगमन तथा मांस भक्षण करते हैं, पतित व्यक्ति का अन्न खाते हैं, देवता, गुरु एवं ब्राह्मण के धन का अपहरण करने वाले, परनिन्दा से सन्तुष्ट होने वाले, देवपूजन एवं पितृ तर्पण किये बिना तथा अपने सेवकों को भोजन दिये बिना भोजन ग्रहण करते हैं, शास्त्रों एवं गुरुजनों के आदेश की अवहेलना करते हैं, ब्रह्महत्या और गोहत्या करने वाले, सुरापान करने वाले, चोरी करने वाले, दूसरों को विपत्ति-ग्रस्त देखकर सन्तुष्ट होने वाले, परनिन्दक, गुरुपत्नीगामी, भूमिहर्ता तथा कन्या का धन हरण करने वाले आदि सभी पातकी जन प्रेत योनि को प्राप्त करते हैं| ऐसे लोग मृत्यु के बाद प्रेत योनि में पहुँचकर स्वयं तो कष्ट भोगते ही हैं, अपने पारिवारिक जनों को भी अनेक तरह से पीड़ा देते हैं| जिन घरों में वंशवृद्धि न हो, अल्प आयु में लोगों की मृत्यु हो जाय, अकस्मात जीविका के साधन समाप्त हो जाएँ या उनमें बड़ी बाधा आ जाय, पारिवारिक सदस्यों की समाज में प्रतिष्ठा घटने लगे, अचानक घर में आग लग जाय, घर में नित्य कलह हो, पत्नी तथा घर के अन्य सदस्य प्रतिकूल आचरण करने लगें, पारिवारिक जनों पर मिथ्या कलंक लगे, घर के सदस्यों को असाध्य रोग लग जाय, प्रयत्न पूर्वक अर्जित धन व्यापार आदि में लगाने पर नष्ट हो जाय| तो यह मानना चाहिए कि वह परिवार प्रेत पीड़ा अथवा पितृ दोष से ग्रस्त है| जिस कुल में पितृ-दोष होता है, उस कुल में कोई भी व्यक्ति सुखी नहीं हो सकता| उस कुल में मनुष्यों की मति, प्रीति, रति, बुद्धि, और धन-सम्पदा आदि सब नष्ट हो जाता है और तीसरे से लेकर पांचवीं पीढ़ी आते-आते उनके वंश का ही नाश हो जाता है| प्रेत अपने पारिवारिक जनों के सुख, स्वास्थ्य, समृद्धि और प्रगति के शोषक होते हैं| अतः प्रत्येक मनुष्य की मृत्यु के बाद शास्त्र-विहित अन्त्येष्टि क्रिया से लेकर सपिण्डीकरण पर्यन्त सभी कृत्य विधि-विधान के अनुसार अनिवार्य रूप से सम्पादित करना चाहिए| स्कन्द पुराण के अनुसार मृत व्यक्ति अपने जीवन काल में भले ही महान धर्मात्मा और तपस्वी क्यों न रहा हो, किन्तु सपिण्डीकरण के अभाव में वह भी प्रेतत्व से मुक्त नहीं हो सकता| यदि कोई मृतात्मा अपने पारिवारिक जनों, सम्बन्धियों या परिचितों को स्वप्न में दिखलाई दे तो यह समझना चाहिए कि वह प्रेत रूप में है| अग्नि पुराण के अनुसार मृत्यु के बारहवें दिन सपिण्डीकरण करने के बाद भी एक वर्ष तक प्रेतत्व बना रहता है| अतः वर्ष पर्यन्त सपिण्डीकरण श्राद्ध तथा प्रतिवर्ष पितृपक्ष में तर्पण एवं श्राद्ध आदि अनिवार्य रूप से करना चाहिए| क्योंकि जीवन में सुख-शान्ति एवं समृद्धि हेतु पितरों की सन्तुष्टि परम आवश्यक है|
Read More »
भारतीय स्वरुप दैनिक ई-पेपर
कानपुर 2 अक्टूबर भारतीय स्वरूप संवाददाता “स्वच्छता ही सेवा” पखवाड़ा (15 सितंबर से 02 अक्टूबर) के अंतर्गत डी जी कॉलेज, कानपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा देश के दो अमर सपूत महापुरुषों महात्मा गांधी तथा लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती के अवसर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। इस अवसर पर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने हेतु एक स्वच्छता रन का आयोजन भी किया गया। महाविद्यालय प्राचार्य ने अपने उद्बोधन में छात्राओं को गांधी जी एवम् शास्त्री जी के जीवन वृतांत को विस्तार पूर्वक बताते हुए कहा कि हमें उनके आदर्शों पर चलना चाहिए। सेल्फ फाइनेंस की डायरेक्टर प्रोफेसर वंदना निगम ने कहा कि गांधी जी अहिंसा के पुजारी तो लाल बहादुर शास्त्री जय जवान जय किसान के विचार को लेकर आगे बढ़े। चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर अर्चना श्रीवास्तव ने छात्राओं के द्वारा स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत की गई गतिविधियों – जन जागरूकता रैली, शपथ, गंगा घाट की सफाई, नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने, कूड़े का सही निस्तारण करने, महाविद्यालय अपने घर में आसपास की साफ सफाई स्वच्छता बनाए रखने, बस्ती के बच्चों व महिलाओं को साफ सफाई स्वच्छता के प्रति जागरूक करने, हाथों को धोने का सही तरीका बताने संबंधी किए गए समस्त कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। कार्यालय अधीक्षक श्री कृष्णेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि इस प्रकार पर्यावरण का ध्यान रख हम वर्तमान में उत्पन्न हो रहे भयावह वैश्विक जलवायु संकट से बचाव के प्रयास कर सकते हैं। स्वयंसेविकाओं, शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने सम्मिलित रूप से अपने घरों में जमा किए गए सिंगल यूज़ प्लास्टिक “कानपुर प्लॉगर्स” संस्था के सहयोग से रिसाइक्लिंग हेतु भेजने का निश्चय भी किया। स्वच्छता पखवाड़े का आयोजन डॉक्टर संगीता सिरोही कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना तथा जिला नोडल अधिकारी कानपुर नगर के कुशल निर्देशन में डॉ अंजना श्रीवास्तव एवम् डॉ ज्योत्सना के सहयोग से किया गया।
कानपुर 2 अक्टूबर भारतीय स्वरूप संवाददाता, एस ऍन सेन बी वी पी जी कॉलेज की ऍन एस एस कादम्बिनी देवी द्वारा गाँधी जयंती समारोह को महाविद्याकाया में पुरे उत्साह पूर्वक मनाया गया । इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो सुमन द्वारा गाँधी जी एवम शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उदघाटन किया गया। महाविद्यालय की समस्त शिक्षिकाओं एवम शिक्षणेतर कर्मचारियों ने पुष्पांजलि में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर एक भजन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। प्राचार्या ने गाँधी जी के सिद्धांतो पर भी प्रकाश डाला । इस दिवस को अहिंसा दिवस के रूप में मनाया गया एवं जिसमें गांधी जी के अहिंसा के विचारों से प्रेरित एक स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें ऍन एस एस, ऍन सी सी तथा रेंजर रोवर्स की छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
इससे पूर्व १५/०९/२०२३ से ०२/१०/२०२३ तक स्वच्छता पखवाड़ा (स्वछता मेरा अभिमान) के अंतर्गत महाविद्यालय में ऍन एस एस, ऍन सी सी तथा रेंजर रोवर्स के द्वारा वृहद् स्वछता अभियान चलाया गया, जिमसें महाविद्यालय परिसर बस्ती तथा घाट की सफाई का कार्य किया गया। इस अभियान में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो सुमन ऍन एस एस, ऍन सी सी तथा रेंजर रोवर्स की समस्त इकाईओं एवम शिक्षणेतर कर्मचारियों ने उत्साह पूर्वक प्रतिभाग किया।
कानपुर 29 सितंबर भारतीय स्वरूप संवाददाता, क्राइस्ट चर्च कॉलेज कानपुर में दो दिवसीय सेल्फ डिफेंस कार्यशाला का आयोजन प्रिंसिपल प्रोफेसर जोसफ डेनियल के कुशल निर्देशन एवं संरक्षण में वूमेन डेवेलॉपमेंट एंड जेंडर सेंसटाइजेशन सेल द्वारा किया गया जिसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर के कराटे कोच विजय कुमार द्वारा बच्चों को विभिन्न सेल डिफेंस स्किल के बारे में जानकारी दी गई.
जिसमें आज प्रथम दिवस मे फ्रंट पंच,बैक पंच हुक पंच, लॉन्ग पांच, और फ्रंट किक के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई, 1090 हेल्पलाइन नंबर का किस तरह से इस्तेमाल किया जाए वूमेन पावर लाइन का कैसे इस्तेमाल किया जाए पिंक चौकी के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
उक्त कार्यक्रम मे संरक्षक एवं प्रिंसिपल प्रोफेसर जोसेफ डेनियल ने एक्सपर्ट विजय कुमार को मोमेंटो देकर स्वागत किया, प्रोफेसर सोफ़िया साहब ने प्रिंसिपल को पादप देकर उनका स्वागत किया इस अवसर पर जेंडर सेंसटाइजेशन के सेल के सदस्य उप प्राचार्य प्रोफेसर सबीना बोदरा, प्रोफेसर शालिनी कपूर, डॉ अंकिता तथा डॉक्टर आशीष कुमार दुबे आदि उपस्थित रहे हैं बच्चों ने अत्यंत उत्साह के साथ भागीदारी की। उक्त कार्यक्रम मे रितेश, मानवी, वैष्णवी, शिवांस, अंजलि, तरंग, आयुष आदि का विशेष योगदान रहा.
नई दिल्ली में आज एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चल रहे स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े में राष्ट्रीय राजमार्गों, सड़क किनारे सुविधाओं, ढाबों, टोल प्लाजा सहित 13000 स्थानों पर सफाई अभियान सहित कई कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है और लगभग 7000 स्थानों पर काम पूरा हो चुका है।



कानपुर 26 सितंबर भारतीय स्वरूप संवाददाता, एस. एन. सेन बी. वी. पी. जी. कॉलेज कानपुर के शिक्षाशास्त्र विभाग में महाविद्यालय की कादोम्बिनी राष्ट्रीय समाज सेवा इकाई द्वारा दिनाँक 25/09/2023 को दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर अंत्योदय दिवस का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ, महाविद्यालय प्राचार्या प्रोफेसर सुमन, मुख्य अनुशासिका कैप्टन ममता अग्रवाल तथा शिक्षाशास्त्र विभाग प्रभारी व NSS यूनिट प्रभारी प्रोफेसर चित्रा सिंह तोमर ने दीनदयाल उपाध्याय जी तथा माँ सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर छात्रा प्रिया त्रिपाठी तथा कुमकुम गुप्ता ने दीनदयाल उपाध्याय जी के जीवन को अपने शब्दों में प्रस्तुत किया। कैप्टन ममता अग्रवाल ने दीनदयाल उपाध्याय जी के जीवन पर विस्तृत प्रकाश डाला तथा वैचारिक स्वतंत्रता के महत्व को बताया प्रोफेसर सुमन ने छात्राओं को अधिक से अधिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया। अंत में प्रोफेसर चित्रा तोमर ने सभी को धन्यवाद देते हुए कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर ऋचा सिंह, डॉ. अनामिका तथा प्रीति यादव उपस्थित रहीं।